भीमताल। विधानसभा भीमताल से वरिष्ठ कांग्रेस नेता मनोज शर्मा ने लघु सिंचाई विभाग नैनीताल के अधीक्षण अभियंता से मुलाकात कर भीमताल ब्लॉक की सिलडी ग्राम सभा के घटगाड़ तोक में निर्मित सिंचाई योजना में भारी भ्रष्टाचार और अनियमितताओं का मामला उठाया। उन्होंने विभागीय अधिकारियों के समक्ष योजना से जुड़ा लगभग 10 मिनट का वीडियो फुटेज प्रस्तुत किया, जिसे देखकर अधीक्षण अभियंता भी स्तब्ध रह गए।
शर्मा ने आरोप लगाया कि लाखों रुपये की लागत से बनी सिंचाई योजना में निर्धारित लोहे की पाइपों के स्थान पर प्लास्टिक पाइप लगाए गए हैं, जिन्हें पानी की बोतलों से जोड़कर कार्य किया गया है। पूरी योजना में गंभीर लीकेज है और जहां प्रारंभ में चैंबर का निर्माण होना चाहिए था, वहां विभागीय लापरवाही साफ दिखाई देती है। उन्होंने कहा कि लीकेज के कारण ग्रामीणों के खेत और सीसी मार्ग धंस गए हैं, जबकि योजना को बने अभी कुछ ही महीने हुए हैं। शर्मा ने तंज कसते हुए कहा कि जिस तरह का कार्य हुआ है, वैसा काम तो गांवों में बच्चे रोज कर लेते हैं, इससे इंजीनियरों की कार्यप्रणाली और योग्यता पर सवाल खड़े होते हैं।
मामले को गंभीरता से लेते हुए अधीक्षण अभियंता ने मौके पर ही अधिशासी अभियंता को निर्देश दिए कि योजना को तत्काल भूमिगत किया जाए, चैंबर सहित सभी कार्य मानकों के अनुसार कराए जाएं और भविष्य में किसी भी प्रकार की शिकायत न आए।
अधीक्षण अभियंता और अधिशासी अभियंता ने मनोज शर्मा को आश्वस्त किया कि दो दिनों के भीतर योजना की खामियों को दूर कर दिया जाएगा। वहीं, मनोज शर्मा ने चेतावनी देते हुए कहा कि यदि एक सप्ताह के भीतर योजना को पूरी तरह दुरुस्त नहीं किया गया तो वह ग्रामीणों के साथ विभागीय कार्यालय में अनिश्चितकालीन धरना देंगे।

+ There are no comments
Add yours