मुख्यमंत्री की धारी जनसभा को कांग्रेस नेता ने बताया ‘फ्लॉप शो’

Estimated read time 0 min read





भीमताल विधानसभा में विकास कार्यों पर सरकार को घेरा

भीमताल। धारी ब्लॉक के लेटीबूंगा में आयोजित मुख्यमंत्री की जनसभा को कांग्रेस के वरिष्ठ नेता मनोज शर्मा ने ‘फ्लॉप शो’ करार देते हुए सरकार पर तीखे प्रहार किए। प्रेस विज्ञप्ति जारी कर उन्होंने आरोप लगाया कि भीड़ बढ़ाने के लिए ठंड में स्कूलों के बच्चों को सभा स्थल तक ले जाया गया तथा विभिन्न क्षेत्रों से वाहनों के माध्यम से लोगों को बुलाया गया, जो सरकार की नाकामी का बड़ा प्रमाण है।
शर्मा ने कहा कि यदि बीते 10 वर्षों में युवाओं, बेरोजगारों, मातृशक्ति और समाज के अन्य वर्गों के हित में वास्तविक कार्य हुए होते, तो भीड़ खुद उमड़ कर आती, न कि मशीनरी का सहारा लेना पड़ता। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री के भाषण में “जिहाद” शब्द के अलावा कोई विकास संबंधी तथ्य नहीं सुनाई दिया, जो सरकार की विफलताओं को दर्शाता है।
कांग्रेस नेता ने कहा कि भीमताल विधानसभा क्षेत्र सनातन संस्कृति को संजोए हुए है, जिसमें गोल्ज्यू धाम, आदि कैलाश धाम, बाबा लोहाखाम, देवगुरु बृहस्पति महाराज मंदिर, सोमबारी महाराज की सिद्ध तपोभूमि, बाबा कैंची धाम सहित अनेक शक्ति पीठ स्थित हैं। उन्होंने फिर दोहराया कि इन सभी पवित्र स्थलों को एक धार्मिक सर्किट के रूप में विकसित किया जाए, जिससे क्षेत्र का कायाकल्प हो सकता है।
उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री ने रिसॉर्ट निर्माण की बात तो की, लेकिन यह नहीं बताया कि इनमें से कितने रिसॉर्ट सरकारी सहयोग से बने हैं। “90 प्रतिशत रिसॉर्ट लोगों के अपने पुरुषार्थ से बने हैं।”
उन्होंने रानीबाग–मोतियापाथर मार्ग की वर्षों से जारी बदहाली, पैचवर्क और डामरीकरण में कथित भ्रष्टाचार का भी मुद्दा उठाया।
शर्मा ने कहा कि मुख्यमंत्री द्वारा बेरोजगारी दर कम होने का दावा हास्यास्पद है। “प्रदेश के युवा संघर्ष कर रहे हैं, आंदोलन कर रहे हैं, ऐसे में इस तरह के आंकड़े वास्तविकता से परे हैं।” सुशीला तिवारी अस्पताल की व्यवस्थाओं पर सवाल उठाते हुए उन्होंने कहा कि मरीजों के तीमारदारों को स्ट्रेचर तक स्वयं चलाना पड़ता है, इससे स्वास्थ्य सेवाओं की स्थिति समझी जा सकती है। उन्होंने मुख्यमंत्री द्वारा धर्मांतरण, लव जिहाद और अर्बन नक्सल जैसे मुद्दों को केवल भावनाएं भड़काने का प्रयास बताया। साथ ही कहा कि पेपर लीक प्रकरण पर मुख्यमंत्री का मौन सरकार की जिम्मेदारी से बचने का संकेत है। गौवंश की दुर्दशा पर भी उन्होंने सरकार की आलोचना की और याद दिलाया कि हाईकोर्ट इस मुद्दे पर पहले ही सरकार को फटकार लगा चुका है।
मनोज शर्मा ने कहा कि मुख्यमंत्री धारी ब्लॉक आए, पर महान संत बाबा सोमबारी महाराज को नमन करना भी उचित नहीं समझा। स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों और युगपुरुष पंडित नारायण दत्त तिवारी का उल्लेख न करना भी उन्होंने गंभीर चूक बताया।
अंत में उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री का भाषण “झूठ का पुलिंदा और युवाओं, बेरोजगारों तथा समाज के हर वर्ग की भावनाओं से खिलवाड़” था। धारी ब्लॉक को ठोस रूप से कुछ भी प्राप्त नहीं हुआ, जो सरकार की असफलता का प्रमाण है।




You May Also Like

+ There are no comments

Add yours