रंगारंग कार्यक्रमों से सजी संध्या, मेधावी छात्राओं का हुआ सम्मान; “छात्राएं देश का भविष्य”— डॉ. हरीश सिंह बिष्ट
भीमताल। पीएमश्री राजकीय बालिका इंटर कॉलेज भीमताल का वार्षिकोत्सव मंगलवार को हर्षोल्लास और भव्यता के साथ मनाया गया। कार्यक्रम में छात्राओं की शानदार प्रस्तुतियों ने सभी का मन मोह लिया, वहीं मेधावी छात्राओं को सम्मानित कर उनका उत्साहवर्धन किया गया।
कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथि ब्लॉक प्रमुख भीमताल डॉ. हरीश सिंह बिष्ट एवं प्रधानाचार्य ईला कैड़ा ने दीप प्रज्ज्वलित कर किया। छात्राओं ने सरस्वती वंदना और स्वागत गीत प्रस्तुत कर अतिथियों का अभिनंदन किया।
सांस्कृतिक कार्यक्रमों की श्रृंखला में छात्राओं ने कुमाऊंनी, गढ़वाली, पंजाबी, हरियाणवी, राजस्थानी और नेपाली लोक संस्कृति पर आधारित मनमोहक प्रस्तुतियां दीं। “बेटी बचाओ, बेटी पढ़ाओ” विषय पर आधारित नाटक ने दर्शकों को भावुक करते हुए महत्वपूर्ण सामाजिक संदेश भी दिया।
मुख्य अतिथि डॉ. बिष्ट ने कहा कि छात्राएं देश का भविष्य हैं और आज सरकारी विद्यालय भी गुणवत्ता युक्त शिक्षा के साथ विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास पर जोर दे रहे हैं। उन्होंने छात्राओं को कठिन परिश्रम और सकारात्मक सोच के साथ आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया।
इस अवसर पर वर्षभर विभिन्न प्रतियोगिताओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाली छात्राओं को स्मृति चिन्ह देकर सम्मानित किया गया। साथ ही शैक्षणिक परीक्षाओं में सर्वोच्च स्थान प्राप्त करने वाली छात्राओं को भी पुरस्कृत किया गया। कार्यक्रम में छात्रा हिना कोहली ने भीमताल और विद्यालय की उपलब्धियों पर प्रकाश डाला। प्रधानाचार्य ईला कैड़ा ने विद्यालय की वार्षिक प्रगति रिपोर्ट प्रस्तुत की। इस दौरान सभासद प्रकाश चंदोला, ग्राम प्रधान प्रदीप कुमार, एसएमसी अध्यक्ष दिनेश सांगुड़ी, बीडीसी सदस्य मोहित टम्टा, यशपाल आर्य, व्यापार मंडल अध्यक्ष पंकज जोशी, एडवोकेट सुनीता पांडे, आशा उप्रेती, प्रेमा लोहनी, नीमा, आशा आर्य, भावना, शरद पांडे, कुंदन जीना, कमल, पारस, डॉ. शबाना, मनोज गुणवन्त सहित अनेक गणमान्य नागरिक, अभिभावक, शिक्षिकाएं एवं छात्राएं उपस्थित रहीं।

+ There are no comments
Add yours