भीमताल (सूवि)। आरसेटी कुंवरपुर नैनीताल में 22 दिसंबर 2025 से संचालित 31 दिवसीय टेलर–वूमेन गारमेंट्स (महिला वस्त्र निर्माण) प्रशिक्षण कार्यक्रम का सफल समापन हुआ। इस प्रशिक्षण कार्यक्रम में जनपद नैनीताल की कुल 31 महिलाओं ने प्रतिभाग किया।
समापन अवसर पर मुख्य अतिथि सहायक परियोजना निदेशक चंदा फर्त्याल ने प्रशिक्षणार्थियों से पारस्परिक संवाद कर प्रशिक्षण की गुणवत्ता तथा हॉस्टल में निवासरत महिलाओं को उपलब्ध कराई जा रही सुविधाओं की जानकारी ली। उन्होंने प्रशिक्षण के दौरान तैयार की गई प्रैक्टिकल फाइलों एवं स्वयं निर्मित परिधानों का निरीक्षण कर प्रशिक्षुओं के कार्य की सराहना की और उन्हें इसे स्वरोजगार के रूप में अपनाने के लिए प्रेरित किया।
उन्होंने प्रत्येक विकासखंड से महिलाओं से आगे आने का आह्वान करते हुए कहा कि वे सरकारी विद्यालयों की वर्दी गुणवत्तापूर्वक सिलने का कार्य संभाल सकती हैं, जिससे रोजगार के नए अवसर सृजित होंगे।
प्रशिक्षण के दौरान आत्मविश्वास, सफल उद्यमी के गुण, सकारात्मक सोच जैसे विषयों पर सत्र आयोजित किए गए। साथ ही सफल उद्यमियों से संवाद, विभिन्न खेल गतिविधियों के माध्यम से उद्यमिता की समझ विकसित कराई गई तथा बैंकिंग संबंधी आवश्यक जानकारियां भी प्रदान की गईं।
संस्थान के निदेशक अतुल कुमार पांडे ने बताया कि प्रशिक्षण उपरांत प्रशिक्षणार्थियों को निजी व्यवसाय एवं आय सृजन गतिविधियों के लिए संस्थान द्वारा दो वर्षों तक नियमित मार्गदर्शन एवं सहयोग प्रदान किया जाएगा। वहीं एनएआर की असेसमेंट टीम देहरादून द्वारा प्रशिक्षणार्थियों का लिखित एवं मौखिक मूल्यांकन भी किया गया।
इस अवसर पर बड़ौदा आरसेटी के निदेशक अतुल कुमार पांडे, मास्टर ट्रेनर तारा देवी, प्रशिक्षक नरेंद्र सिंह पिलख्वाल एवं एफएलसी काउंसलर सुरेश बिष्ट ने सभी प्रशिक्षुओं को सफलता के लिए प्रेरित किया और उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।

+ There are no comments
Add yours