भीमताल, 6 मार्च। मुक्तेश्वर क्षेत्र में तेजी से हो रहे बहुमंजिला निर्माण और रिसॉर्ट्स को लेकर प्रशासन सख्त हो गया है। कुमाऊं आयुक्त एवं मुख्यमंत्री के सचिव दीपक रावत ने क्षेत्र के निरीक्षण के दौरान अनियोजित निर्माण कार्यों पर गंभीर चिंता व्यक्त करते हुए पूरे मामले की जांच के निर्देश दिए हैं।
निरीक्षण के दौरान यह सामने आया कि कुछ लोग समूह बनाकर बड़े पैमाने पर बहुमंजिला इमारतों और रिसॉर्ट्स का निर्माण कर रहे हैं। साथ ही होमस्टे योजना का लाभ लेकर भी बड़े व्यावसायिक निर्माण किए जाने की शिकायतें सामने आई हैं।
आयुक्त दीपक रावत ने प्रथम दृष्टया इसे भू-कानून का उल्लंघन बताते हुए कहा कि मुक्तेश्वर जैसे संवेदनशील पहाड़ी क्षेत्र में इस प्रकार के बड़े निर्माण गंभीर विषय हैं। उन्होंने कहा कि इस तरह की गतिविधियों से भू-कानून की मूल भावना प्रभावित हो रही है और इसके दुरुपयोग की आशंका भी बढ़ रही है।
मामले को गंभीरता से लेते हुए आयुक्त ने जिलाधिकारी नैनीताल और जिला विकास प्राधिकरण को निर्देश दिए कि क्षेत्र में बन रही सभी बहुमंजिला इमारतों और रिसॉर्ट्स की विस्तृत जांच कराई जाए। साथ ही पूरे प्रकरण की रिपोर्ट जल्द प्रस्तुत करने को कहा गया है।
आयुक्त ने स्पष्ट किया कि यदि जांच में नियमों का उल्लंघन या अनियोजित निर्माण पाया जाता है तो संबंधित लोगों के खिलाफ नियमानुसार कड़ी कार्रवाई की जाएगी। प्रशासन को यह भी निर्देश दिए गए हैं कि भविष्य में इस प्रकार के निर्माण कार्यों पर सख्त निगरानी रखी जाए, ताकि भू-कानून का किसी भी तरह से दुरुपयोग न हो सके।

+ There are no comments
Add yours