भवाली–रातीघाट बाईपास का आयुक्त ने किया स्थलीय निरीक्षण, 18.2 किमी में से 8 किमी मार्ग तैयार






भीमताल । कुमाऊँ आयुक्त दीपक रावत ने सोमवार को अपने क्षेत्रीय भ्रमण के दौरान माननीय मुख्यमंत्री के प्रमुख एवं प्राथमिक कार्यों में शामिल भवाली–रातीघाट बाईपास निर्माण कार्य का स्थलीय निरीक्षण किया। इस दौरान लोक निर्माण विभाग के अधिशासी अभियंता ने सड़क निर्माण की अद्यतन प्रगति की विस्तृत जानकारी आयुक्त को दी। अधिशासी अभियंता ने बताया कि भवाली सेनेटोरियम से रातीघाट तक प्रस्तावित 18.2 किमी लंबे बाईपास में से 8 किमी मार्ग का निर्माण पूर्ण कर लिया गया है तथा इस हिस्से का डामरीकरण भी हो चुका है। शेष 10.2 किमी में पहाड़ कटिंग का कार्य पूरा हो चुका है और वर्तमान में कलमठ, सुरक्षा दीवारों सहित अन्य निर्माण कार्य तीव्र गति से प्रगति पर हैं।
अधिकारियों ने अवगत कराया कि इस बाईपास को राष्ट्रीय राजमार्ग अल्मोड़ा से जोड़ने के लिए प्रस्तावित पुल निर्माण की डीपीआर तैयार कर शासन को भेज दी गई है। आयुक्त ने निर्माण कार्यों की गति और बढ़ाने तथा निर्धारित समयसीमा के भीतर गुणवत्तापरक ढंग से कार्य पूर्ण करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि बाईपास निर्माण से कैंचीधाम क्षेत्र में लगने वाले जाम से राहत मिलने के साथ ही पहाड़ी जिलों को जाने वाले वाहनों की आवाजाही सुगम हो सकेगी।
स्थलीय निरीक्षण के दौरान आयुक्त ने भवाली बाईपास को जोड़ने वाले मोटर पुल के निर्माण कार्य की प्रगति भी जानी। लोक निर्माण विभाग के अधिकारियों ने बताया कि मोटर पुल का निर्माण कार्य लगभग दो माह के भीतर पूर्ण किए जाने का लक्ष्य रखा गया है, जिसके लिए तेजी से कार्य किया जा रहा है।

शिव शक्ति धाम खैरना में किए दर्शन, सुविधाओं के विस्तार का आश्वासन
क्षेत्रीय भ्रमण के दौरान कुमाऊँ आयुक्त दीपक रावत खैरना स्थित शिव शक्ति धाम भी पहुंचे, जहां उन्होंने सोमवारी महाराज गुफा में दर्शन कर आशीर्वाद लिया। आयुक्त ने कहा कि धार्मिक पर्यटन की दृष्टि से यह स्थल अत्यंत पवित्र एवं महत्वपूर्ण है। उन्होंने मंदिर कमेटी के सदस्यों को आश्वस्त किया कि अधिक से अधिक पर्यटक एवं श्रद्धालु यहां पहुंच सकें, इसके लिए आवश्यक सभी बुनियादी सुविधाएं चरणबद्ध रूप से विकसित की जाएंगी।
मंदिर कमेटी के सदस्यों ने आपदाओं के दौरान मंदिर परिसर को संभावित नुकसान से बचाने के लिए सुरक्षात्मक कार्य कराए जाने की मांग रखी। इस पर आयुक्त ने सिंचाई विभाग एवं संबंधित विभागों को आवश्यक कार्यवाही करने के निर्देश दिए।
————————————————
कैंचीधाम में पार्किंग सहित निर्माण कार्यों का भी लिया जायजा
कुमाऊँ आयुक्त ने विश्व प्रसिद्ध कैंचीधाम में लोक निर्माण विभाग द्वारा बनाए जा रहे वाहन पार्किंग सहित अन्य निर्माण कार्यों का भी स्थलीय निरीक्षण किया। उन्होंने अधिकारियों को सभी कार्यों को तेजी के साथ और निर्धारित समयसीमा के भीतर गुणवत्तापूर्ण ढंग से पूरा करने के निर्देश दिए, ताकि यहां आने वाले श्रद्धालुओं को यातायात और पार्किंग संबंधी दिक्कतों का सामना न करना पड़े।
निरीक्षण के दौरान उप जिलाधिकारी मोनिका, लोक निर्माण विभाग के अधिशासी अभियंता रत्नेश कुमार सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।




You May Also Like

+ There are no comments

Add yours