आयुक्त दीपक रावत ने ट्रांसपोर्ट नगर में व्यवस्थाओं का लिया जायज़ा

लापरवाह वर्कशॉप संचालकों को मिलेगा नोटिस, बिना शुल्क पार्किंग पर लगेगा ब्रेक

भीमताल: ट्रांसपोर्ट नगर, हल्द्वानी में लंबे समय से जारी अव्यवस्थाओं पर अब लगाम कसने की तैयारी शुरू हो गई है। शुक्रवार को आयुक्त/सचिव मा. मुख्यमंत्री दीपक रावत ने क्षेत्र का स्थलीय निरीक्षण कर संबंधित विभागों को सख्त निर्देश दिए। मौके पर नगर निगम, परिवहन, जल संस्थान, विद्युत, एडीबी, जीएसटी और पुलिस विभाग के अधिकारी भी मौजूद रहे। निरीक्षण की शुरुआत प्लॉट आवंटन और उनके उपयोग की स्थिति से हुई। आयुक्त ने पाया कि कई मरम्मत कार्यशालाएं, जिन्हें ट्रांसपोर्ट नगर में प्लॉट आवंटित किए गए थे, आज भी शहर के अन्य हिस्सों में अवैध रूप से कारोबार कर रही हैं। उन्होंने ऐसे संचालकों को नोटिस जारी करने और तय समय सीमा में स्थानांतरित न होने पर प्लॉट सील करने के निर्देश दिए।
———————————————
प्लॉट रहेंगे खाली तो मिलेगी प्राथमिकता

निरीक्षण के दौरान खाली पड़े प्लॉटों की सूची की जानकारी ली गई। आयुक्त ने कहा कि अन्य स्थानों पर कार्यरत वर्कशॉप्स को इन खाली प्लॉटों में प्राथमिकता से शिफ्ट किया जाए ताकि यातायात का दबाव कम किया जा सके।पार्किंग व्यवस्था की समीक्षा में सचिव ने निर्देश दिए कि अब परिसर में कोई भी वाहन बिना शुल्क पार्क नहीं होगा। शुल्क निर्धारण के लिए उपयोगकर्ताओं से संवाद कर 15 दिन में व्यवस्था लागू करने के निर्देश दिए।
निरीक्षण के दौरान परिसर में खड़ी 108 एंबुलेंस की स्थिति अत्यंत जर्जर पाई गई। एक वाहन की लॉगबुक में 4 लाख किमी से अधिक का संचालन दर्शाया गया, जिस पर नाराजगी जताते हुए पूरे मंडल की 108 एंबुलेंस का डाटा तीन दिन में प्रस्तुत करने के निर्देश दिए गए।
——————————————
व्यावसायिक संपत्तियां, सुरक्षा व किरायेदारी पर भी फोकस

परिसर के भीतर बनी व्यावसायिक संपत्तियों, टिन शेड, किरायेदारी और सुरक्षा व्यवस्थाओं (गार्ड, सीसीटीवी, एंटी-थेफ्ट सिस्टम) की भी गहन समीक्षा की गई।
———————————————-
लावारिस गाड़ियां हटेंगी, साफ-सफाई व मरम्मत तेज़

लंबे समय से खड़ी लावारिस व क्षतिग्रस्त गाड़ियों को हटाने, चोक नालियों की सफाई, टूटी बाउंड्री वॉल और टाइल्स की मरम्मत के लिए तत्काल टेंडर जारी करने के निर्देश दिए गए। साथ ही पीने के पानी, पार्क के उपयोग और जर्जर विद्युत पोल हटाने को लेकर भी संबंधित विभागों को आवश्यक कदम उठाने को कहा गया।
——————————————
रात में आ रहे माल पर लगेगी नजर

कुछ प्लॉटों पर रात में बिना बिल के माल उतरने की शिकायत पर आयुक्त ने जीएसटी विभाग को सतर्कता बढ़ाने और सघन निगरानी के निर्देश दिए।
आयुक्त ने स्पष्ट कहा कि ट्रांसपोर्ट नगर को व्यवस्थित, सुरक्षित और उपभोक्ता-केंद्रित बनाना प्रशासन की प्राथमिकता है। सभी विभाग आपसी समन्वय से कार्य करें और लापरवाही कतई बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
निरीक्षण के दौरान नगर आयुक्त ऋचा सिंह, सिटी मजिस्ट्रेट गोपाल सिंह चौहान, एडीबी प्रोजेक्ट मैनेजर कुलदीप सिंह, लोनिवि के अधिशासी अभियंता प्रत्युष कुमार, ट्रांसपोर्ट नगर अध्यक्ष राकेश जोशी, हरमीत सिंह चड्ढा, दलजीत सिंह, शांति भट्ट व कोतवाल राजेश कुमार समेत संबंधित विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।

You May Also Like

+ There are no comments

Add yours