बोले, स्वच्छ हवा, शुद्ध जल और हरित धरती के लिए मिलकर करें प्रयास
भीमताल : विश्व पर्यावरण दिवस के अवसर पर कुमाऊं आयुक्त एवं मुख्यमंत्री सचिव श्री दीपक रावत ने बुधवार को कमिश्नरी कार्यालय परिसर, नैनीताल में वृक्षारोपण कर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया। इस अवसर पर उन्होंने अधिकारियों, कर्मचारियों और आम नागरिकों से प्रकृति के प्रति अपनी जिम्मेदारी निभाने की अपील की। आयुक्त रावत ने कहा कि विश्व पर्यावरण दिवस केवल एक दिवस नहीं, बल्कि चेतना का वह क्षण है जो हमें प्रकृति के महत्व का स्मरण कराता है। उन्होंने कहा कि हमें वृक्षारोपण, प्रदूषण नियंत्रण और प्राकृतिक संसाधनों के संरक्षण के लिए संकल्प लेना चाहिए। उन्होंने कहा कि स्वच्छ हवा, शुद्ध जल और हरित धरती केवल तभी संभव है जब हम सभी अपने दैनिक जीवन में पर्यावरण हितैषी बदलाव अपनाएं। प्लास्टिक का प्रयोग कम करना, जल संरक्षण करना और हरियाली बढ़ाना हमारे छोटे-छोटे कदम हैं जो बड़े परिवर्तन ला सकते हैं।आयुक्त ने यह भी कहा कि एक स्वस्थ और सुंदर ग्रह का निर्माण हम सभी की साझी जिम्मेदारी है। इस दिशा में एकजुट प्रयासों की आवश्यकता है।
पौधारोपण कार्यक्रम में कमिश्नरी कार्यालय के अधिकारी-कर्मचारी भी उपस्थित रहे और उन्होंने भी पर्यावरण संरक्षण की शपथ ली।

+ There are no comments
Add yours