भीमताल । आयुक्त एवं मुख्यमंत्री सचिव दीपक रावत ने बुधवार को तरणताल मानसखण्ड खेल परिसर, अंतरराष्ट्रीय स्टेडियम गौलापार, हल्द्वानी में 23वीं अंतर्जनपदीय/वाहिनी पुलिस तैराकी एवं क्रॉस कंट्री प्रतियोगिता वर्ष 2025 का शुभारंभ किया। प्रतियोगिता में प्रदेशभर की 12 टीमों के प्रतिभागियों और अधिकारियों ने भाग लिया। आयुक्त दीपक रावत ने कहा कि खेल केवल शारीरिक नहीं बल्कि मानसिक स्वास्थ्य के लिए भी उतने ही आवश्यक हैं। खेलों से अनुशासन, टीम भावना और आत्मविश्वास विकसित होता है, जिससे व्यक्ति जीवन की चुनौतियों का संतुलित ढंग से सामना कर सकता है। उन्होंने कहा कि पुलिस कर्मियों के लिए शारीरिक और मानसिक दोनों प्रकार की फिटनेस बेहद जरूरी है, क्योंकि उनकी ड्यूटीज़ परिश्रम और तनाव से जुड़ी होती हैं। इसी को ध्यान में रखते हुए मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी द्वारा ‘मिशन संवाद’ ऐप की शुरुआत की गई है, जो पुलिस बल की मानसिक सुदृढ़ता को प्राथमिकता देता है। यह पहल संवाद, सहानुभूति और सहयोग पर आधारित है तथा पुलिस कर्मियों के मानसिक स्वास्थ्य को सशक्त बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है। उन्होंने कहा कि उन्हें विश्वास है कि इस बार तैराकी और क्रॉस कंट्री दोनों में नए रिकॉर्ड बनेंगे। राष्ट्रीय खेलों के बाद उत्तराखंड में विकसित विश्वस्तरीय खेल अवसंरचना ने राज्य की खेल संस्कृति और इकोसिस्टम को नई दिशा दी है। कार्यक्रम में वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक नैनीताल पी.एन. मीणा, कमांडेंट आईटीबीपी अनिल सिंह बिष्ट, क्षेत्राधिकारी नितिन लोहनी, नगर पंचायत अध्यक्ष लाकूऑं सुरेन्द्र लोटनी, नगर पंचायत अध्यक्ष रेखा कत्यूरा सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहे। प्रतियोगिता का समापन 10 अक्टूबर को अपराह्न एक बजे पुलिस महानिरीक्षक, कुमाऊँ परिक्षेत्र ऋद्धिम अग्रवाल की अध्यक्षता में होगा।

+ There are no comments
Add yours