भूमि विवाद, मिलावटी पेट्रोल, परिवहन अराजकता—जनता की शिकायतों पर दिखाई सख्ती
भीमताल : कैंप कार्यालय हल्द्वानी में आयोजित जनता मिलन कार्यक्रम के दौरान आयुक्त कुमाऊं एवं मा. मुख्यमंत्री के सचिव दीपक रावत ने जनता की समस्याएं गंभीरता से सुनीं और त्वरित व पारदर्शी कार्रवाई के निर्देश अधिकारियों को दिए। जनसुनवाई में भूमि धोखाधड़ी, उपभोक्ता हित, परिवहन व्यवस्था, पारिवारिक विवाद और शिक्षा से जुड़ी शिकायतें प्रमुख रूप से सामने आईं।
रामनगर क्षेत्र में कृषि भूमि को बिना स्पष्ट जानकारी के आगे बेचने का मामला सामने आया। शिकायतकर्ता ने बताया कि प्रतिपाल सिंह कड़ाकोटी ने कृषि प्रयोजन वाली भूमि बेचते समय उपयोग संबंधी जानकारी छिपाई। आयुक्त ने तहसीलदार को निर्देश दिए कि भूमि का उपयोग कृषि है या नहीं, और वर्तमान में उस पर आवासीय/व्यावसायिक गतिविधियां तो नहीं हो रही—इसकी जांच कर रिपोर्ट प्रस्तुत की जाए।बाजपुर में भी एक भूमि विवाद के मामले में एसडीएम को सीमांकन और सत्यापन कर शीघ्र समाधान सुनिश्चित करने को कहा गया।
————————————————
पेट्रोल में मिलावट पर स्वतः संज्ञान
काठगोदाम के एक पेट्रोल पंप पर पानी की मिलावट की शिकायत पर आयुक्त ने स्वतः संज्ञान लेते हुए जिला पूर्ति अधिकारी को तत्काल जांच और पंप स्वामी से स्पष्टीकरण तलब करने के निर्देश दिए।
————————————————
रामपुर रोड के स्थानीय नागरिकों की शिकायत पर कि भारी ट्रांसपोर्ट वाहन आवासीय क्षेत्रों में खड़े किए जा रहे हैं, आयुक्त ने गोदाम संचालकों को 10 दिन के भीतर व्यवस्था सुधारने व वाहनों को आवासीय क्षेत्रों से हटाने के निर्देश दिए।
————————————————
बद्रीपुरा क्षेत्र में एक किरायेदार द्वारा अवैध कब्जे और संपत्ति बेचने की शिकायत पर आयुक्त ने भवन का चालान जारी करने और दस्तावेज प्रस्तुत करने को कहा।वहीं हल्द्वानी के एक विद्यालय से जुड़ी शिकायत में छात्रा को वर्ष 2021 से 12वीं की अंकतालिका न मिलने पर, आयुक्त ने पिता को 50% शुल्क जमा करने व विद्यालय को अंकतालिका जारी करने के निर्देश दिए।
————————————————
एक पुराने विवाद में, जहां आभूषण गिरवी रखे गए थे, दोनों पक्षों की सहमति से ₹57,000 के भुगतान पर आभूषण लौटाने का निर्देश दिया गया।
एक ट्रक दुर्घटना में घायल चालक के मामले में आयुक्त ने आरटीओ हल्द्वानी को वाहन जब्त करने और बीमा क्लेम प्राप्त होने तक पीड़ित को आर्थिक सहायता सुनिश्चित करने को कहा।
————————————————
स्याल्दे क्षेत्र की एक महिला ने अपने पति से अलगाव के बावजूद एक डेढ़ वर्ष के बच्चे की देखरेख को लेकर समाधान की गुहार लगाई। आयुक्त ने दोनों पक्षों से वार्ता कर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
भूमि विवादों पर विशेष अपील
जनसुनवाई में भूमि विवादों की बढ़ती संख्या पर चिंता जताते हुए आयुक्त ने आमजन से अपील की कि भूमि क्रय से पूर्व उसकी वैधता, ऋण स्थिति, सीमांकन और संभावित कानूनी बाधाओं की पूरी जांच अवश्य करें। उन्होंने कहा कि भूमि खरीद के तुरंत बाद चारदीवारी व निर्माण कार्य करा लिया जाए ताकि अवैध कब्जे से बचा जा सके।

+ There are no comments
Add yours