भीमताल : कुमाऊं आयुक्त एवं मुख्यमंत्री सचिव दीपक रावत ने मंगलवार को नैनीताल नगर पालिका क्षेत्र का दौरा कर नैनीझील, माल रोड, ठंडी सड़क और नैना देवी मंदिर समेत विभिन्न विकास कार्यों का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने अधिकारियों को कई महत्वपूर्ण निर्देश दिए और लंबित कार्यों को शीघ्र पूरा करने को कहा।
आयुक्त ने तल्लीताल पहुंचकर नैनीझील के वर्तमान जल स्तर की जानकारी सिंचाई विभाग के अधिकारियों से ली। मुख्य अभियंता सिंचाई विभाग संजय शुक्ला ने बताया कि इस वर्ष कम बारिश होने से जल स्तर में गिरावट आई है। इस पर आयुक्त ने एनआईएच एजेंसी से रिपोर्ट तैयार कराने और वैज्ञानिक तरीके से सर्वेक्षण कर अप्रैल माह में ड्रेजिंग कार्य मैन्युअली करने के निर्देश दिए। साथ ही, झील में गिरने वाले छह जल स्रोतों (नालों) की नियमित सफाई के लिए प्रस्ताव तैयार करने को कहा, जिसके लिए विकास प्राधिकरण से धनराशि उपलब्ध कराई जाएगी।
आयुक्त ने तल्लीताल से मल्लीताल, नैनादेवी, पाषाण देवी और फांसी गधेरा तक पैदल निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने सड़कों के किनारे रखे गए निर्माण सामग्री को दो सप्ताह के भीतर हटाने के निर्देश नगर पालिका के अधिशासी अधिकारी को दिए। साथ ही, पुराने व अनियंत्रित साइन बोर्ड हटाने और नगर की स्वच्छता बनाए रखने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि सार्वजनिक स्थानों पर कूड़ा फैलाने वालों के खिलाफ चालानी कार्रवाई की जाए और इसे एक नियमित अभियान के रूप में चलाया जाए।
निरीक्षण के दौरान आयुक्त ने माल रोड के धंस रहे हिस्से का जायजा लिया और लोक निर्माण विभाग (लोनिवि) के अधीक्षण अभियंता मनोहर सिंह धर्मशक्तू से जानकारी ली। अधिकारियों ने बताया कि 40 मीटर लंबे सड़क ट्रीटमेंट के लिए 3.49 करोड़ रुपए की धनराशि स्वीकृत की गई है और कार्य प्रगति पर है। इस पर आयुक्त ने निर्देश दिए कि पर्यटन सीजन से पहले सभी मरम्मत कार्य पूरे कर लिए जाएं।
आयुक्त ने मानस खंड मंदिर माला योजना के तहत नैना देवी मंदिर के सौंदर्यीकरण कार्य का निरीक्षण किया। लोक निर्माण विभाग द्वारा 11.01 करोड़ रुपए की लागत से किए जा रहे विकास कार्यों की समीक्षा करते हुए उन्होंने दो महीने के भीतर कार्य पूरा करने के निर्देश दिए। निरीक्षण के दौरान बताया गया कि मंदिर परिसर में 16 नई दुकानें बनाई गई हैं, जिन्हें जल्द से जल्द संबंधित लोगों को हस्तांतरित करने के आदेश दिए गए।आयुक्त ने पाषाण देवी मंदिर के पास 9 करोड़ रुपए की लागत से किए जा रहे पहाड़ी ट्रीटमेंट कार्य की प्रगति की जानकारी ली। इसके साथ ही, नगर पालिका को ठंडी सड़क क्षेत्र में स्ट्रीट लाइट की व्यवस्था बेहतर करने के निर्देश दिए।उन्होंने पर्यटन विभाग द्वारा बनाए गए व्यू प्वाइंट के रखरखाव पर भी जोर दिया और पुलिस विभाग को निर्देश दिए कि ठंडी सड़क क्षेत्र में नियमित गश्त बढ़ाई जाए।निरीक्षण के दौरान आयुक्त ने झील में वातन प्रक्रिया की जांच के लिए लगाए गए संयंत्र का जायजा लिया और सचिव जिला विकास प्राधिकरण को इस संबंध में जरूरी कदम उठाने के निर्देश दिए।निरीक्षण के दौरान मुख्य अभियंता सिंचाई विभाग संजय शुक्ला, संयुक्त मजिस्ट्रेट वरुणा अग्रवाल, अधीक्षण अभियंता लोनिवि मनोहर सिंह धर्मशक्तू, अधिशासी अभियंता लोनिवि रत्नेश सक्सेना, जिला पर्यटन अधिकारी अतुल भंडारी समेत विभिन्न विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।

+ There are no comments
Add yours