हल्द्वानी क्षेत्र में चल रहे सुरक्षात्मक कार्यों की जिलाधिकारी वंदना कर रही निगरानी
भीमताल : मानसून से पूर्व संभावित प्राकृतिक आपदाओं से बचाव को लेकर जिला प्रशासन पूरी तरह सतर्क हो गया है। जिलाधिकारी वंदना के निर्देश पर हल्द्वानी नगर क्षेत्र में प्रमुख नालों की सफाई, चैनलाइजेशन और अन्य सुरक्षात्मक कार्य युद्धस्तर पर किए जा रहे हैं। बरसात के दौरान जलभराव और बाढ़ की स्थिति से निपटने के लिए प्रशासन ने सिंचाई विभाग, नगर निगम हल्द्वानी और वन विभाग को जिम्मेदारी सौंपी है। सभी विभाग आपसी समन्वय के साथ कार्य करते हुए क्षेत्र को आपदाओं से सुरक्षित करने में जुटे हैं।सिंचाई विभाग द्वारा हल्द्वानी के कलसिया नाले में 900 मीटर लंबा चैनलाइजेशन कार्य पूर्ण कर लिया गया है, जिससे वर्षा ऋतु में जल निकासी बेहतर हो सकेगी। विभागीय अधिकारियों के अनुसार यह कार्य समय से पहले पूरा कर लिया गया है।
नगर निगम द्वारा 7 किलोमीटर लंबे रकसिया नाले की सफाई का कार्य भी जारी है। अभी तक 3 किलोमीटर की सफाई पूर्ण हो चुकी है, जबकि शेष कार्य अगले एक सप्ताह में पूरा कर लिया जाएगा। वन विभाग द्वारा देवखड़ी नाले में भू-कटाव और बाढ़ सुरक्षा नियंत्रण के लिए 13 चैक डैमों का निर्माण कराया जा रहा है। इनमें से अब तक 8 चैक डैम पूरे हो चुके हैं, जबकि शेष 10 दिन के भीतर पूरे किए जाने की योजना है। साथ ही, नाले से मलबा हटाने का कार्य भी आरंभ हो चुका है। जिलाधिकारी वंदना ने सड़क निर्माण से जुड़ी एजेंसियों सहित अन्य कार्यदायी संस्थाओं को निर्देश दिए हैं कि मानसून से पहले सभी बंद पड़ी नालियों, कलमठों और जल निकासी मार्गों की सफाई सुनिश्चित की जाए। साथ ही सुरक्षा के सभी आवश्यक इंतज़ाम समय पर पूरे किए जाएं।
प्रशासन की सतर्कता और विभागों की सक्रियता से उम्मीद की जा रही है कि इस बार मानसून में शहर को आपदा के खतरे से काफी हद तक राहत मिल सकेगी।

+ There are no comments
Add yours