जिलाधिकारी वंदना के निर्देशन में वार्ड संख्या 11 व 12 में शिविर आयोजित, शिकायतों का मौके पर निस्तारण
भीमताल । नागरिकों की समस्याओं का त्वरित और प्रभावी समाधान सुनिश्चित करने के उद्देश्य से हल्द्वानी नगर निगम क्षेत्र में नियमित रूप से वार्डवार जन सुविधा शिविर आयोजित किए जा रहे हैं। इसी क्रम में शुक्रवार को वार्ड संख्या 11 और 12 में जन सुविधा शिविरों का आयोजन किया गया। सुबह 10 बजे से दोपहर 2 बजे तक चले शिविरों में बड़ी संख्या में लोग पहुँचे और अपनी समस्याएँ दर्ज कराईं।
शिविरों में नागरिकों ने मुख्य रूप से आपूर्ति व्यवस्था, राशन कार्ड में नाम जोड़ने-हटाने और नए कार्ड जारी करने संबंधी समस्याएँ उठाईं। अधिकारियों ने कई मामलों का निस्तारण मौके पर ही कर दिया, जबकि शेष शिकायतों को संबंधित विभागों को प्रेषित कर त्वरित कार्यवाही के निर्देश दिए गए। शिविर में आधार सेवा से संबंधित कार्यों के अंतर्गत कुल 46 आधार कार्ड बनाए और संशोधित किए गए। पूर्ति विभाग से 24 आवेदन प्राप्त हुए, जिनमें नए राशन कार्ड जारी करने और नाम जोड़े जाने के प्रार्थनापत्र शामिल थे। इसके अलावा यूसीसी से 17 आवेदन और विद्युत विभाग से 2 शिकायतें दर्ज हुईं।शिविर में नगर आयुक्त ऋचा सिंह, सिटी मजिस्ट्रेट गोपाल सिंह चौहान, सहायक नगर आयुक्त जी.के. भट्ट, विभिन्न विभागों के अधिकारी-कर्मचारी, वार्ड संख्या 11 पार्षद रवि जोशी और वार्ड संख्या 12 पार्षद प्रीति आर्या मौजूद रहे। पार्षदों ने जिला प्रशासन का आभार जताते हुए कहा कि ऐसे शिविरों से नागरिकों को बड़ी राहत मिल रही है।
इन शिविरों के माध्यम से नागरिकों को आधार कार्ड, राशन कार्ड, विवाह पंजीकरण, बिजली-पानी की सेवाएँ और नगर निगम से जुड़ी समस्याओं का समाधान एक ही स्थान पर उपलब्ध कराया जा रहा है। जिला प्रशासन ने नागरिकों से अपील की है कि वे अधिक से अधिक संख्या में शिविरों में पहुँचकर सुविधाओं का लाभ उठाएँ। अगला जन सुविधा शिविर 20 सितम्बर (शनिवार) को वार्ड संख्या 9 में पालकी बैंक्वेट हॉल तथा वार्ड संख्या 10 में गुरु तेग बहादुर गली, तिकोनिया हल्द्वानी में आयोजित किया जाएगा।

+ There are no comments
Add yours