भीमताल , 25 फरवरी। भारत की जनगणना 2027 को सफलतापूर्वक संपन्न कराने के उद्देश्य से तीन दिवसीय प्रशिक्षण कार्यक्रम बुधवार को सर्किट हाउस, काठगोदाम में जिला जनगणना अधिकारी/अपर जिलाधिकारी शैलेन्द्र सिंह नेगी की अध्यक्षता में सम्पन्न हुआ। कार्यक्रम में मास्टर ट्रेनरों द्वारा जनगणना कार्य की विस्तृत जानकारी दी गई। प्रशिक्षण का उद्देश्य जनगणना को समयबद्ध, पारदर्शी और व्यवस्थित ढंग से पूरा करना है।
अपर जिलाधिकारी ने बताया कि इस बार पहली बार डेटा संग्रहण पूर्णतः डिजिटल मोड में मोबाइल ऐप के माध्यम से किया जाएगा। प्रगणक एवं पर्यवेक्षक स्वयं अपने मोबाइल उपकरणों का प्रयोग करेंगे। जनगणना प्रबंधन एवं निगरानी कार्य सी.एम.एम.एस. (CMMS) पोर्टल के माध्यम से संचालित होगा।
उन्होंने जानकारी दी कि जनगणना के प्रथम चरण—मकान सूचीकरण एवं आवास गणना—का आयोजन 25 अप्रैल से 24 मई 2026 के मध्य किया जाएगा। यह देश की पहली डिजिटल जनगणना होगी। द्वितीय चरण 9 फरवरी से 28 फरवरी 2027 तक चलेगा, जिसमें जनसंख्या गणना की जाएगी। उत्तराखण्ड के हिम आच्छादित क्षेत्रों में यह कार्य 11 सितम्बर से 30 सितम्बर के मध्य संपन्न होगा। आमजन के लिए स्वजनगणना की सुविधा 10 अप्रैल से 24 अप्रैल 2026 तक उपलब्ध रहेगी, जिसके तहत नागरिक स्वयं सीएमएमएस पोर्टल पर अपना विवरण अपलोड कर सकेंगे।
अपर जिलाधिकारी ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि जनगणना कार्य को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए गुणवत्ता और निष्पक्षता के साथ संपादित किया जाए। उन्होंने स्पष्ट कहा कि जनगणना एक महत्वपूर्ण राष्ट्रीय दायित्व है और इसमें किसी भी प्रकार की लापरवाही स्वीकार नहीं की जाएगी। डिजिटल जनगणना को ऐतिहासिक बताते हुए उन्होंने बिना भेदभाव कार्य करने का आह्वान किया।
प्रशिक्षण सत्र में मास्टर ट्रेनर एवं उपनिदेशक जनगणना प्रवीन कुमार ने जनगणना की प्रक्रिया, राष्ट्रीय योजना एवं नीति निर्माण में इसकी भूमिका, साथ ही चार्ज अधिकारी, प्रगणक एवं पर्यवेक्षकों के दायित्वों पर विस्तार से प्रकाश डाला। प्रशिक्षण के दौरान प्रतिभागियों की शंकाओं का समाधान भी किया गया।
कार्यक्रम में नगर आयुक्त परितोष वर्मा, जिला विकास अधिकारी/सहायक जिला जनगणना अधिकारी गोपाल गिरी गोस्वामी, मास्टर ट्रेनर शिवानी जेटली, नितीश रावत सहित जनपद के समस्त तहसीलदार, नगर निकायों, परिषद एवं कैन्टोमेंट बोर्ड के अधिकारी, तकनीकी सहायक एवं जनगणना कर्मी उपस्थित रहे।

+ There are no comments
Add yours