भीमताल। आगामी बोर्ड परीक्षाओं को लेकर परीक्षार्थियों का मनोबल बढ़ाने के उद्देश्य से मुख्य विकास अधिकारी अरविंद कुमार पाण्डे ने सोमवार को पीएमश्री केंद्रीय विद्यालय भीमताल का दौरा किया। इस दौरान उन्होंने बोर्ड परीक्षार्थियों से संवाद कर परीक्षा में सफलता के लिए महत्वपूर्ण सुझाव दिए।
सीडीओ ने छात्रों को समय प्रबंधन, आत्मविश्वास और सकारात्मक सोच के महत्व को रेखांकित करते हुए कहा कि नियमित अध्ययन एवं निरंतर अभ्यास से ही बेहतर परिणाम प्राप्त किए जा सकते हैं। उन्होंने विद्यार्थियों से बिना किसी तनाव के परीक्षा देने की अपील की तथा कहा कि मानसिक संतुलन बनाए रखना सफलता की कुंजी है।
मुख्य विकास अधिकारी ने परीक्षार्थियों को अग्रिम शुभकामनाएं देते हुए उन्हें पोषक आहार लेने, पर्याप्त विश्राम करने और स्वस्थ दिनचर्या अपनाने की सलाह भी दी। इस अवसर पर जिला विकास अधिकारी गोपाल गिरी, विद्यालय के प्रधानाचार्य सहित शिक्षकगण उपस्थित रहे।

+ There are no comments
Add yours