भीमताल । जिले में शनिवार को हुए त्रिस्तरीय पंचायत उपचुनाव में सदस्य ग्राम पंचायत के 39 पदों की मतगणना पूर्ण होने के साथ ही परिणाम घोषित कर दिए गए। इन परिणामों के बाद लंबे समय से लंबित ग्राम प्रधानों की शपथ प्रक्रिया का रास्ता भी साफ हो गया है।
जिले के 475 ग्राम प्रधानों में से 328 ग्राम प्रधान अब तक इसलिए शपथ नहीं ले पाए थे क्योंकि उनकी ग्राम पंचायतों में सदस्य ग्राम पंचायत का कोरम पूरा नहीं हो पा रहा था। शनिवार को सदस्य ग्राम पंचायत के 39 पदों पर परिणाम घोषित होने के साथ ही अब शेष 328 ग्राम प्रधान भी शपथ ले सकेंगे।
फिलहाल जिले में सदस्य ग्राम पंचायत के 210 पद अब भी रिक्त हैं, लेकिन इसके बावजूद सभी ग्राम पंचायतों में कोरम पूरा हो चुका है। पंचास्थानी कार्यालय के वरिष्ठ सहायक कैलाश बोरा ने बताया कि जिले की सभी ग्राम पंचायतों का कोरम पूर्ण हो गया है, लिहाजा अब सभी 475 ग्राम प्रधानों की शपथ प्रक्रिया संपन्न कराई जाएगी।

+ There are no comments
Add yours