भीमताल : धारी ब्लॉक के ग्राम पंचायत दुदुली स्थित बसकनला गांव में शुक्रवार को खेत में जुताई के दौरान करंट की चपेट में आने से एक बैल की मौत हो गई, जबकि दूसरा बैल गंभीर रूप से घायल हो गया। यह हादसा किसान मोहन चंद्र के खेत में हुआ। जानकारी के अनुसार, खेत में जुताई के दौरान अचानक बैल विद्युत करंट की चपेट में आ गया, जिससे एक बैल की मौके पर ही मौत हो गई। दूसरा बैल बुरी तरह झुलस गया, जो वर्तमान में घर में घायल अवस्था में पड़ा है। घटना की सूचना मिलते ही बिजली विभाग के लाइनमैन, पशुपालन विभाग के डॉक्टर एवं गांव के पांच लोगों की उपस्थिति में मृत बैल का पंचनामा तैयार कर शव को दफना दिया गया। इस दौरान ग्राम प्रधान प्रशासक प्रतिनिधि धर्मपाल एवं क्षेत्रीय सामाजिक कार्यकर्ता रमेश टम्टा मौके पर पहुंचे और पीड़ित किसान मोहन चंद्र को न्याय दिलाने की बात कही। उन्होंने प्रशासन से मृत बैल का उचित मुआवजा दिलाने की मांग की है। ग्रामीणों ने भी बिजली विभाग पर लापरवाही का आरोप लगाते हुए मामले की जांच और मुआवजा देने की मांग की है।

+ There are no comments
Add yours