भीमताल : समान नागरिक संहिता (UCC) के तहत विवाह पंजीकरण की रफ्तार धीमी होने पर जिलाधिकारी नैनीताल वंदना ने नाराजगी जताई है। शुक्रवार को कैम्प कार्यालय हल्द्वानी में समीक्षा बैठक के दौरान उन्होंने कहा कि अब तक जिले में मात्र 9077 विवाह पंजीकरण ही हुए हैं, जो कि संतोषजनक नहीं हैं। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि आगामी 15 दिनों में विशेष अभियान चलाकर लोगों को पंजीकरण के प्रति जागरूक किया जाए।गांव स्तर तक लगेंगे पंजीकरण कैंप
जिलाधिकारी ने कहा कि आम नागरिकों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए गांव स्तर तक पंजीकरण कैंप आयोजित किए जाएं। साथ ही UCC से जुड़ी जानकारी का व्यापक प्रचार-प्रसार भी किया जाए, जिससे लोग इस प्रक्रिया को गंभीरता से लें और समय पर विवाह पंजीकरण कराएं।
उन्होंने निर्देश दिए कि सब रजिस्टार स्तर पर प्रत्येक दशा में विवाह पंजीकरण के लिए प्राप्त आवेदन का निस्तारण 7 दिन के भीतर अनिवार्य रूप से किया जाए। बेहतर कार्य करने वाले अधिकारियों को सम्मानित भी किया जाएगा।2010 के बाद विवाह करने वाले कार्मिकों का पंजीकरण अनिवार्य
जिलाधिकारी ने सभी विभागों को निर्देश दिए कि जिन कर्मचारियों का विवाह वर्ष 2010 के बाद हुआ है, उनका UCC पोर्टल पर पंजीकरण सुनिश्चित किया जाए। मुख्य शिक्षा अधिकारी को निर्देशित किया गया कि खंड और उपखंड शिक्षा अधिकारियों के माध्यम से रोस्टर तैयार कर शिक्षकों एवं अन्य कार्मिकों की सहायता की जाए।
जिलाधिकारी ने स्पष्ट किया कि जिन नागरिकों का विवाह 26 मार्च 2010 के बाद हुआ है, उनके लिए यह अनिवार्य है कि वे समान नागरिक संहिता (UCC) लागू होने की तिथि (27 जनवरी 2025) से छह माह की अवधि के भीतर विवाह पंजीकरण कराएं।
उन्होंने आमजन से अपील की कि वे इस पहल में भाग लें। यह न केवल प्रशासनिक पारदर्शिता को सुदृढ़ करेगा, बल्कि उनके वैवाहिक अधिकारों को विधिक सुरक्षा भी प्रदान करेगा।बैठक में मौजूद रहे अधिकारी
समीक्षा बैठक में अपर जिलाधिकारी एफ.आर. चौहान, संयुक्त मजिस्ट्रेट वरुणा अग्रवाल, नगर आयुक्त ऋचा सिंह, उप जिलाधिकारी के.एन. गोस्वामी, तुषार सैनी व राहुल शाह सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।

+ There are no comments
Add yours