पीएमजीएसवाई के तहत बनेगी पांच किमी लंबी सड़क
भीमताल । धारी ब्लॉक के बिरसिंग्या गांव के ग्रामीणों की वर्षों पुरानी सड़क की मांग अब पूरी होने की उम्मीद जगी है। वन मंत्रालय से सड़क निर्माण की सैद्धांतिक स्वीकृति मिलने के बाद गांव तक पांच किलोमीटर लंबी सड़क के निर्माण का रास्ता साफ हो गया है।
क्षेत्र के समाजसेवी रमेश टम्टा ने बताया कि सड़क सुविधा के अभाव में ग्रामीणों को लंबे समय से भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा था। आपात स्थिति में मरीजों को डोली के सहारे सड़क तक पहुंचाना पड़ता था, जिससे कई बार जान जोखिम में पड़ जाती थी।
उन्होंने बताया कि सड़क निर्माण की मांग को लेकर लगातार सरकार, विधायक राम सिंह कैड़ा, सांसद अजय भट्ट तथा शासन-प्रशासन के अधिकारियों से आग्रह किया गया था, जिसके सकारात्मक परिणाम अब सामने आए हैं।
लोक निर्माण विभाग के अधिशासी अभियंता कृष्ण कुमार ने बताया कि वन मंत्रालय से सड़क निर्माण की स्वीकृति मिल चुकी है। उन्होंने बताया कि प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना (पीएमजीएसवाई) के तहत सड़क का निर्माण कार्य कराया जाएगा, जिससे बिरसिंग्या गांव के ग्रामीणों को आवागमन की बेहतर सुविधा मिल सकेगी।
सड़क निर्माण की स्वीकृति मिलने से क्षेत्र के ग्रामीणों में खुशी का माहौल है और इसे गांव के विकास की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।

+ There are no comments
Add yours