जिला मंत्री भाजपा मनोज भट्ट ने कॉलेज में जमा कराई प्रथम वर्ष की फीस
भीमताल। गरीब और असहाय लोगों की मदद के लिए हमेशा आगे रहने वाला भागीरथी फाउंडेशन एक बार फिर मानवता की मिसाल बना है। फाउंडेशन ने आर्थिक रूप से कमजोर छात्रा की मदद कर उसके उच्च शिक्षा के सपनों को पंख लगाए हैं। भीमताल की खुशबू पलड़िया ने भागीरथी फाउंडेशन से संपर्क कर बताया कि उनका प्रवेश हरमन माइनर डिग्री कॉलेज में बीएससी प्रथम वर्ष में हो गया है, लेकिन परिवार की खराब आर्थिक स्थिति के कारण वह पहला साल भी पढ़ाई जारी रखने में असमर्थ हैं और कॉलेज फीस जमा नहीं कर पा रही हैं।
मामले का संज्ञान लेते हुए भागीरथी फाउंडेशन के अध्यक्ष एवं भारतीय जनता पार्टी के जिला मंत्री मनोज भट्ट उर्फ प्रकाश आगे आए और फाउंडेशन की ओर से छात्रा की पूरी प्रथम वर्ष की फीस 23,740 रुपये (तेईस हजार सात सौ चालीस रुपये) कॉलेज में जमा कराई।
कॉलेज में फीस जमा करते समय हरमन डिग्री कॉलेज की प्रधानाचार्या डा. मुक्ता, भाजपा जिला मंत्री नैनीताल प्रकाश भट्ट, मनोज भास्कर भगवाल, आशु पाठक, रवि कुमार, विनीत जोशी, नितिन भगवाल व रिहान खान उपस्थित रहे।
भागीरथी फाउंडेशन से मिली इस मदद के बाद छात्रा और उसके परिजनों ने फाउंडेशन एवं सभी सहयोगियों के प्रति आभार व्यक्त किया। स्थानीय लोगों ने भी फाउंडेशन की इस पहल को सराहनीय और प्रेरणादायक बताया।

+ There are no comments
Add yours