होली–रमजान से पहले खाद्य विभाग सख्त, खताड़ी में एक दर्जन प्रतिष्ठानों पर छापाखजूर का नमूना जांच को भेजा, तीन दुकानों को लाइसेंस प्रस्तुत करने के निर्देश
भीमताल। आयुक्त खाद्य संरक्षा एवं औषधि प्रशासन, उत्तराखंड तथा जिलाधिकारी के निर्देश पर सोमवार को रामनगर के खताड़ी क्षेत्र में एक दर्जन से अधिक फुटकर एवं डिस्ट्रीब्यूटर स्तर के फल, मिठाई, खजला, सेवई एवं खजूर विक्रेताओं के प्रतिष्ठानों का सघन निरीक्षण किया गया।
निरीक्षण के दौरान खाद्य प्रतिष्ठान स्वामियों को गुणवत्तापूर्ण खाद्य सामग्री ही विक्रय करने, बिना बिल के खरीद न करने, स्टॉक का समुचित विवरण रखने तथा कालातीत (एक्सपायरी) खाद्य सामग्री का विक्रय एवं भंडारण न करने के कड़े निर्देश दिए गए। साथ ही प्रतिष्ठानों में नियमित साफ-सफाई रखने एवं कीटनाशक दवाओं का छिड़काव सुनिश्चित करने को कहा गया।
कार्रवाई के दौरान एक थोक विक्रेता से संदेह के आधार पर खजूर का एक नमूना गुणवत्ता जांच हेतु प्रयोगशाला भेजा जा रहा है।
वरिष्ठ खाद्य सुरक्षा अधिकारी असलम खान ने बताया कि आगामी त्योहार होली एवं रमजान के दृष्टिगत विशेष सतर्कता बरती जा रही है। किसी भी सूरत में मिलावटी खाद्य सामग्री का विक्रय नहीं होने दिया जाएगा। ऐसा पाए जाने पर संबंधित के विरुद्ध सख्त से सख्त विधिक कार्रवाई की जाएगी।
खताड़ी क्षेत्र में बिरयानी, फल एवं खजूर की तीन दुकानों के निरीक्षण के दौरान लाइसेंस प्रस्तुत न कर पाने पर संबंधित प्रतिष्ठान स्वामियों को एक सप्ताह का समय दिया गया है। निर्धारित अवधि में लाइसेंस प्रस्तुत न करने पर एफएसएस एक्ट 2006 की धारा 31(2) के तहत विधिक कार्रवाई अमल में लाई जाएगी।
आयुक्त के निर्देशानुसार जनपद में संयुक्त टीमों का गठन किया गया है, जो प्रतिदिन निरीक्षण एवं कार्रवाई कर रही हैं। की जा रही कार्रवाई की रिपोर्ट नियमित रूप से आयुक्त कार्यालय को प्रेषित की जा रही है।

+ There are no comments
Add yours