दून में अवैध रूप से रह रही बांग्लादेशी महिला गिरफ्तार

Estimated read time 1 min read

देहरादून। फर्जी भारतीय दस्तावेज बनाकर अवैध रूप से दून में रह रही बांग्लादेशी महिला को दून पुलिस ने गिरफ्तार किया है। महिला, कोविड के दौरान अवैध रूप से बार्डर क्रॉस कर भारत आई थी और पश्चिम बंगाल में एक व्यक्ति से निकाह किया था। दो वर्ष पूर्व वह पति के साथ देहरादून आई। वर्तमान में उसका पति दुबई में काम कर रहा है और वह दून में अकेली रहती है। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ कई गंभीर धाराओं में मुकदमा दर्ज किया है।

कोतवाली पटेलनगर पुलिस को आज लोक संस्कृति कॉलोनी में एक बांग्लादेशी महिला के अवैध रूप से रहने की सूचना मिली। पुलिस ने महिला सुबेदा बीबी पत्नी कौशर शाह को हिरासत में लेकर उससे पूछताछ की। उसने अपना असली नाम सुबेदा बेगम 40 पुत्री सादिक मियां निवासी ग्राम राजा कादुपुर, डाकघर मंदारकंडी थाना बनियाचांग, बांग्लादेश बताया।

पुलिस ने उसके कब्जे से सुबेदा बीबी तथा मोनी के नाम का फर्जी जन्म प्रमाण पत्र, सुबेदा बीबी, मोनी तथा प्रिया रॉय के नाम के वोटर आईडी कार्ड, सुबेदा बीवी के नाम से आधार कार्ड, पैन कार्ड व अन्य फर्जी भारतीय दस्तावेज व सुबेदा बेगम के नाम से एक बाग्लादेशी आईडी बरामद की। पुलिस ने अलग-अलग नाम से फर्जी दस्तावेज बनाकर अवैधरूप से भारत में निवास करने पर इस महिला के खिलाफ धारा 318(4)/336(3)/338/340(2) बीएनस व 3 पासपोर्ट अधिनियम तथा 14 विदेशी अधिनियम में मुदकमा दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर लिया।

महिला ने बताया कि चार वर्ष पूर्व कोविड के दौरान वह अवैध रूप से बॉर्डर क्रॉस कर भारत आई थी। वर्ष 2022 में उसने पश्चिम बंगाल निवासी कौशर शाह से विवाह कर लिया। दो वर्ष पूर्व वह अपने पति के साथ देहरादून आ गई। देहरादून आने के बाद उसने अपने पति की मदद से रुड़की व देहरादून से अलग-अलग नाम से फर्जी भारतीय जन्म प्रमाण पत्र व उसके आधार पर अन्य फर्जी भारतीय दस्तावेज बनवा लिए। देहरादून में वह अलग-अलग स्थान पर किराए में रहकर घरों में झाड़ू पोछा लगाने का कार्य करती है। उसका पति कौशर शाह वर्तमान में दुबई में कार्य कर रहा है।

फर्जी जन्म प्रमाणा पत्र से बनवाया फर्जी वोटर आईडी
आरोपी महिला ने खुद को भारतीय नागरिक दिखाने के लिए अलग-अलग नाम से फर्जी भारतीय जन्म प्रमाण पत्र बनाया था। इन्हीं फर्जी जन्म प्रमाण पत्र के आधार पर उसने अलग-अलग नाम से फर्जी वोटर आईडी कार्ड व अन्य फर्जी दस्तावेज भी बनावा लिए थे। फर्जी दस्तावेज बनाने में आरोपी महिला की मदद करने तथा बिना दस्तावेजों की जांच किए महिला का वोटर कार्ड बनाने वाले भी पुलिस के राॅडार पर है।

नौ बांग्लादेशी नागरिकों को जेल भेजने के साथ ही 10 को डिपोर्ट कर चुकी है पुलिस
उल्लेखनीय है कि ऑपरेशन कालनेमि के तहत पूर्व में भी देहरादून जनपद में अवैध रूप से रह रहे 19 बांग्लादेशी नागरिकों के विरुद्ध पुलिस द्वारा कार्रवाई की जा चुकी है। नौ बांग्लादेशी नागरिकों के विरुद्ध अभियोग पंजीकृत कर उन्हें जेल भेजा जा चुका है। जबकि, 10 बांग्लादेशी नागरिकों को डिपोर्ट किया जा चुका है।

You May Also Like

+ There are no comments

Add yours