भीमताल। ग्राम पंचायत जंगलिया गांव के तोक बूढ़ा धूरा स्थित गुरु गोरखनाथ मंदिर में बैसी कार्यक्रम का विधिवत आयोजन किया गया। माघ माह के प्रथम दिवस से मंदिर परिसर में ध्यान, पूजा-पाठ, हवन व यज्ञ का क्रम जारी रहा। कार्यक्रम के तहत बीती रात भर जागर लगाकर ईष्ट देवों का आह्वान किया गया।
कार्यक्रम के समापन अवसर पर रोट (विशेष प्रकार का प्रसाद), हलवा एवं सूजी का प्रसाद तैयार कर ग्रामीणों व श्रद्धालुओं को वितरित किया गया। भंडारे में सैकड़ों लोगों ने प्रसाद ग्रहण किया। गांव की महिलाओं द्वारा किए गए भजन-कीर्तन से पूरे क्षेत्र में भक्तिमय वातावरण बना रहा। ग्राम प्रधान राधा कुल्याल ने ग्रामीणों की इस पहल की सराहना करते हुए कहा कि ऐसे धार्मिक एवं सांस्कृतिक कार्यक्रमों से आने वाली पीढ़ी को संस्कार और परंपराओं से जुड़ने का लाभ मिलेगा। पूर्व ब्लॉक प्रमुख लाखन सिंह नेगी ने कहा कि ग्राम पंचायत जंगलिया गांव के ग्रामीणों से अन्य क्षेत्रों के लोगों को भी प्रेरणा मिलेगी।
जिला पंचायत सदस्य बिपिन सिंह जंतवाल ने कहा कि ऐसे अवसर मिलने से न केवल आत्मिक शांति प्राप्त होती है, बल्कि आसपास के क्षेत्र में सुख-शांति का संचार भी होता है। इस अवसर पर हीरा बल्लभ भट्ट, सुरेश चंद्र भट्ट, घनानंद भट्ट, युगल भट्ट, भुवन भट्ट, लीलाधर भट्ट, महेश चंद्र भट्ट, हरीश चंद्र भट्ट, डूंगर सिंह पडियार, गोविंद बल्लभ पलड़िया, प्रमोद भट्ट एवं हेम भट्ट सहित कुल 13 लोगों द्वारा 21 दिनों तक लगातार भक्ति की गई। ग्राम पंचायत की ओर से इन सभी श्रद्धालुओं को चुनरी ओढ़ाकर सम्मानित किया गया।

+ There are no comments
Add yours