मुख्य अभियंता से मिले कांग्रेस नेता, जल्द समाधान का आश्वासन
भीमताल : भारी बारिश से पिछले एक हफ्ते से बंद पड़े बबियाड–दुदुली–अमदो मोटरमार्ग को अब तक नहीं खोले जाने से ग्रामीणों में आक्रोश व्याप्त है। सोमवार को वरिष्ठ कांग्रेस नेता मनोज शर्मा के नेतृत्व में ग्रामीणों का शिष्टमंडल मुख्य अभियंता, लोक निर्माण विभाग (कुमाऊं), हल्द्वानी से मिला और मार्ग को तत्काल खोलने की मांग करते हुए ज्ञापन सौंपा। नेता मनोज शर्मा व युवा नेता प्रमोद कुमार ने आरोप लगाया कि एक ओर सरकार और प्रशासन अखबारों में रोज दावा कर रहे हैं कि बारिश में बंद सभी मार्ग खोल दिए गए हैं, जबकि यह सड़क एक सप्ताह से बंद है। मार्ग पर मलबा जमा होने से किसानों की फसलें खेतों में सड़ रही हैं, बीमारों को डोली के सहारे किलोमीटरों पैदल चलना पड़ रहा है और बच्चे स्कूल नहीं पहुंच पा रहे हैं। ग्रामीणों का मुख्य व्यवसाय खेती-किसानी और दूध उत्पादन ठप हो चुका है। ईई, एई और जेई को कई बार अवगत कराने के बावजूद कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई। विभाग केवल कागजी निरीक्षण तक सीमित है, जबकि दर्जनों गांवों के हजारों लोग बुरी तरह प्रभावित हैं। शर्मा ने कहा कि क्षेत्रीय सांसद और विधायक जनता की समस्याओं की अनदेखी कर पंचायत चुनावों में व्यस्त हैं। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि जल्द सड़क नहीं खुली तो ग्रामीणों के साथ उग्र आंदोलन किया जाएगा। इस दौरान मुख्य अभियंता, पीडब्ल्यूडी ने भवाली के अधिशासी अभियंता को तुरंत वैकल्पिक व्यवस्था करने के निर्देश दिए, ताकि ग्रामीणों का उत्पाद मंडी तक पहुंच सके। उन्होंने कहा कि वे स्वयं भी जल्द सड़क का निरीक्षण करेंगे और रोज़ाना इस कार्य की प्रगति पर नजर रखेंगे।
ज्ञापन देने वालो में प्रमोद कुमार, हरीश चंद्र आर्या, गणेश बेलवाल, सोबन आर्या, किशन सिंह बिष्ट आदि शामिल रहे।

+ There are no comments
Add yours