धारी–कौल–धानाचुली–परबड़ा मोटर मार्ग के डामरीकरण व नव निर्माण को 8.19 करोड़ की स्वीकृति

Estimated read time 1 min read





भीमताल। विधानसभा क्षेत्र भीमताल के अंतर्गत धारी से कौल–धानाचुली–परबड़ा मोटर मार्ग के डामरीकरण एवं एक किलोमीटर नव निर्माण के लिए 8 करोड़ 19 लाख रुपये की स्वीकृति मिल गई है। यह जानकारी विधायक राम सिंह कैड़ा ने दी। उन्होंने बताया कि स्वीकृत कार्यों के लिए टेंडर प्रक्रिया प्रारंभ हो चुकी है और शीघ्र ही निर्माण कार्य शुरू किया जाएगा।
विधायक कैड़ा ने कहा कि धारी से कौल–धानाचुली तक मोटर मार्ग का निर्माण कार्य पूर्व में राज्य योजना के अंतर्गत कराया गया था, लेकिन डामरीकरण न होने के कारण ग्रामीणों को लंबे समय से कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा था। विशेषकर बरसात के मौसम में किसानों को अपना उत्पाद हल्द्वानी मंडी तक पहुंचाने में भारी दिक्कतें आती थीं।
ग्रामीणों की मांग पर मोटर मार्ग के डामरीकरण तथा इसे परबड़ा तक जोड़ने के लिए प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना (पीएमजीएसवाई) फेस-4 के अंतर्गत प्रस्ताव भेजा गया था। प्रस्ताव को स्वीकृति मिलने के बाद अब धारी से कौल–धानाचुली–परबड़ा तक सड़क के डामरीकरण के साथ-साथ एक किलोमीटर नए मोटर मार्ग का निर्माण किया जाएगा।
विधायक ने कहा कि सड़क के सुधरने से क्षेत्र के ग्रामीणों, किसानों और पर्यटकों को सीधा लाभ मिलेगा तथा आवागमन सुगम होने से क्षेत्र के विकास को गति मिलेगी।




You May Also Like

+ There are no comments

Add yours