भीमताल। धारी ब्लॉक अंतर्गत कुलोरी से पोखरी–नौगुनिया मोटर मार्ग के सुधारीकरण व डामरीकरण के लिए 3 करोड़ 63 लाख रुपये की स्वीकृति मिल गई है। विधायक राम सिंह कैड़ा ने बताया कि यह कार्य प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना (पीएमजीएसवाई) फेज-4 के तहत कराया जाएगा, जिसकी टेंडर प्रक्रिया भी प्रारंभ हो चुकी है।
विधायक कैड़ा ने कहा कि लंबे समय से इस मार्ग पर डामरीकरण न होने के कारण ग्रामीणों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा था। बरसात के दिनों में किसानों को अपना उत्पाद हल्द्वानी तक पहुंचाने में काफी दिक्कतें होती थीं। ग्रामीणों द्वारा लगातार सड़क के सुधारीकरण और डामरीकरण की मांग की जा रही थी।
उन्होंने बताया कि जनसमस्याओं को देखते हुए मोटर मार्ग के सुधारीकरण व डामरीकरण के लिए प्रस्ताव भेजा गया था, जिस पर अब स्वीकृति मिल गई है। कार्य शीघ्र प्रारंभ कर दिया जाएगा, जिससे क्षेत्र के ग्रामीणों, किसानों और आम लोगों को बेहतर आवागमन सुविधा मिल सकेगी।

+ There are no comments
Add yours