काठगोदाम–दानीजाला–अमृतपुर बाईपास मोटर मार्ग को मंजूरी, विधायक कैड़ा ने जताया मुख्यमंत्री का आभार

Estimated read time 1 min read





भीमताल। काठगोदाम से दानीजाला–सिमलखेत होते हुए एचएमटी अमृतपुर तक प्रस्तावित बाईपास मोटर मार्ग को शासन की स्वीकृति मिल गई है। इस महत्वपूर्ण परियोजना को लेकर भीमताल विधायक राम सिंह कैड़ा ने मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी का आभार व्यक्त किया है।
विधायक कैड़ा ने कहा कि काठगोदाम से रानीबाग के बीच गुलाब घाटी के समीप आए दिन जाम की गंभीर समस्या बनी रहती थी, जिससे भीमताल विधानसभा क्षेत्र सहित पूरे कुमाऊं के स्थानीय लोगों और पर्यटकों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ता था। इस जाम से स्थायी निजात दिलाने के लिए उन्होंने मुख्यमंत्री से काठगोदाम से दानीजाला–सिमलखेत होते हुए एचएमटी अमृतपुर तक बाईपास मोटर मार्ग के निर्माण की मांग की थी।
विधायक कैड़ा की मांग पर मुख्यमंत्री ने लगभग साढ़े तीन किलोमीटर लंबे बाईपास मोटर मार्ग के निर्माण के लिए 1 करोड़ 75 लाख रुपये की स्वीकृति प्रदान कर दी है। उन्होंने बताया कि इस मोटर मार्ग का निर्माण तीन चरणों में किया जाना है, जिसकी स्वीकृति मिल चुकी है और शीघ्र ही शासनादेश जारी कर दिया जाएगा।
विधायक ने विश्वास जताया कि बाईपास मोटर मार्ग के निर्माण से काठगोदाम–रानीबाग क्षेत्र में लगने वाले जाम से राहत मिलेगी और भीमताल विधानसभा के साथ-साथ पूरे कुमाऊं के लोगों को आवागमन में सुविधा होगी। मोटर मार्ग की स्वीकृति मिलने पर विधायक राम सिंह कैड़ा ने मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के साथ ही सांसद अजय भट्ट का भी आभार व्यक्त किया है।




You May Also Like

+ There are no comments

Add yours