भीमताल । नैनीताल जिले के दूरस्थ विकासखंड ओखलकांडा में संसाधनों और नेटवर्क की कमी के बावजूद विद्यार्थियों की प्रतिभा लगातार नई ऊंचाइयों को छू रही है। राजकीय इंटर कॉलेज चकडोवा की कक्षा 6 की छात्रा मीनाक्षी आर्या ने अपनी वैज्ञानिक सोच के दम पर वर्ष 2025-26 के लिए विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी विभाग की ओर से संचालित इंस्पायर अवार्ड्स के लिए चयनित होकर क्षेत्र का नाम रोशन किया है।
इस उपलब्धि पर छात्रा को वैज्ञानिक नवाचार के लिए सरकार की ओर से 10 हजार रुपये की प्रोत्साहन राशि प्रदान की गई है। दूरस्थ क्षेत्र में पढ़ाई करते हुए छात्रा की इस सफलता से विद्यालय परिवार और क्षेत्र में खुशी का माहौल है।
खंड शिक्षा अधिकारी सुलोहिता नेगी ने छात्रा को उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि सीमित संसाधनों के बावजूद छात्रा ने अपनी प्रतिभा और वैज्ञानिक सोच का उत्कृष्ट परिचय दिया है। उन्होंने इस उपलब्धि पर विद्यालय के प्रधानाचार्य सहित सभी शिक्षकों को भी बधाई दी।
स्थानीय लोगों ने भी छात्रा की इस सफलता को क्षेत्र के लिए गौरवपूर्ण बताते हुए कहा कि ऐसे प्रयासों से ग्रामीण क्षेत्रों के बच्चों को विज्ञान और नवाचार की दिशा में आगे बढ़ने की प्रेरणा मिलेगी।

+ There are no comments
Add yours