भीमताल । विकास खंड भीमताल के किसानों को फसल बीमा के नाम पर बेहद कम मुआवजा दिए जाने से किसानों में गहरा रोष व्याप्त है। ग्राम प्रधान संगठन भीमताल की संरक्षक राधा कुल्याल ने आरोप लगाया कि साधन सहकारी समिति नौकुचियाताल के माध्यम से किसानों की फसल बीमा किस्त के रूप में 22 लाख रुपये से अधिक की धनराशि जमा कराई गई थी, जिसे एसबीआई इंश्योरेंस कंपनी को दिया गया।
उन्होंने बताया कि भारी बारिश से किसानों की अधिकांश फसलें नष्ट हो गईं, इसके बावजूद बीमा कंपनी द्वारा किसानों के खातों में कुल मिलाकर मात्र करीब 28 हजार रुपये ही क्लेम के रूप में डाले गए हैं, जो कुल बीमा राशि का लगभग 1.26 प्रतिशत ही बैठता है। इससे ग्रामीण काश्तकारों में बीमा कंपनी और जिला प्रशासन के प्रति भारी नाराजगी है।
राधा कुल्याल ने कहा कि दो दिन पूर्व किसान दिवस के अवसर पर किसानों के हित में कई घोषणाएं की गईं, लेकिन धरातल पर किसानों की समस्याओं की अनदेखी की जा रही है। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि बीमा कंपनी द्वारा उचित निर्णय नहीं लिया गया तो आंदोलन किया जाएगा और बीमा कंपनी का पुतला दहन किया जाएगा।
ग्राम प्रधान संगठन की संरक्षक ने जिलाधिकारी नैनीताल से मामले का संज्ञान लेते हुए बीमा कंपनी के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है। किसानों का कहना है कि यदि समय रहते उन्हें न्याय नहीं मिला तो वे मजबूरन आंदोलन का रास्ता अपनाएंगे।

+ There are no comments
Add yours