अवैध अतिक्रमण पर प्रशासन की बड़ी कार्रवाई, वन पंचायत भूमि कराई मुक्त

Estimated read time 1 min read





भीमताल। क्षेत्र में वन पंचायत की भूमि पर बिल्डर्स द्वारा किए जा रहे अवैध अतिक्रमण के खिलाफ प्रशासन ने सख्त रुख अपनाते हुए बड़ी कार्रवाई की है। उपजिलाधिकारी धारी अंशुल भट्ट की अध्यक्षता में प्रशासन एवं वन विभाग की संयुक्त टीम ने ग्राम मनाघेर वन पंचायत सुंदरखाल में मौके पर पहुंचकर अतिक्रमण को चिन्हित किया और तत्काल कार्रवाई करते हुए भूमि को अतिक्रमण मुक्त कराया।
जानकारी के अनुसार ग्राम सुंदरखाल में बिल्डर्स द्वारा वन पंचायत की भूमि पर अवैध रूप से सड़क निर्माण किया जा रहा था। मामले की गंभीरता को देखते हुए प्रशासन ने मौके पर ही कार्रवाई करते हुए न केवल अतिक्रमण हटाया, बल्कि वन पंचायत अधिनियम के तहत वन सरपंच सुंदरखाल को निलंबित भी कर दिया।
इसके साथ ही राजस्व उपनिरीक्षक सुंदरखाल को पूरे प्रकरण में आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए गए हैं। प्रशासन ने इस मामले में तत्काल प्रथम सूचना रिपोर्ट (FIR) दर्ज करने के भी निर्देश जारी किए हैं।
इस दौरान तहसीलदार धारी मनीषा बिष्ट, राजस्व निरीक्षक प्रवीण ह्यांकि, राजस्व निरीक्षक नारायण वर्मा, राजस्व उपनिरीक्षक निर्मल बोरा तथा वन दरोगा पूरण मेलकानी समेत अन्य अधिकारी मौजूद रहे।
प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि सरकारी भूमि पर किसी भी प्रकार का अतिक्रमण किसी भी स्थिति में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। साथ ही ऐसे मामलों में आगे भी लगातार अभियान चलाकर कड़ी कार्रवाई जारी रखने की बात कही गई है।




You May Also Like

+ There are no comments

Add yours