आपदा के बीच प्रशासन का मानवीय चेहरा

Estimated read time 0 min read





गर्भवती महिला को रातभर चले रेस्क्यू अभियान से सुरक्षित पहुँचाया अस्पताल

भीमताल । जिला प्रशासन द्वारा मानसूनकाल में गर्भवती महिलाओं की विशेष मॉनिटरिंग के सुखद परिणाम अब सामने आने लगे हैं। मंगलवार देर रात ओखलकांडा ब्लॉक के दूरस्थ ग्राम ज्योसूडा की गर्भवती महिला सरिता देवी को सुरक्षित अस्पताल पहुँचाने के लिए प्रशासन ने रातभर चलाया गया रेस्क्यू अभियान सफलतापूर्वक पूरा किया। मंगलवार को मौसम विभाग के रेड अलर्ट के बीच जिला कंट्रोल रूम को सूचना मिली कि सरिता देवी की प्रसव तिथि नजदीक है। सड़क मार्ग अवरुद्ध होने के कारण किसी भी आपात स्थिति में महिला को गाँव में रखना जोखिमपूर्ण हो सकता था। सूचना मिलते ही उप जिलाधिकारी धारी के.एन. गोस्वामी और आपदा प्रबंधन अधिकारी कमल सिंह मेहरा ने विशेष अभियान शुरू किया। पीडब्ल्यूडी के सहायक अभियंता मनोज महतोलिया, कनिष्ठ अभियंता राजीव गौड़ और जेसीबी चालक केशर सिंह की टीम रात में ही मौके पर पहुँची। पीएमजीएसवाई की मशीनरी और राजस्व विभाग की टीम भी तुरंत जुट गई। स्थानीय प्रधानों और ग्रामीणों की मदद से अवरुद्ध मार्ग पर अस्थायी रास्ता बनाया गया। आधा रात करीब 12 बजे महिला को परिजनों और आशा कार्यकत्री हेमा के सहयोग से अवरुद्ध सड़क पार कर 108 एम्बुलेंस तक लाया गया। रात्रि दो बजे के करीब महिला पदमपुरी अस्पताल पहुँची, जहाँ डॉ. हिमांशु की देखरेख में उनका स्वास्थ्य परीक्षण किया गया। डॉक्टरों ने पुष्टि की कि प्रसव तिथि में अभी समय है। इसके बाद महिला को सुरक्षित हल्द्वानी स्थित अपने रिश्तेदारों के पास भेज दिया गया। इस पूरी प्रक्रिया में जिला प्रशासन, स्वास्थ्य विभाग, राजस्व टीम और पीडब्ल्यूडी के कर्मचारियों ने सराहनीय कार्य किया। प्रशासन ने विशेष रूप से जेसीबी चालक केशर सिंह और अभियंता राजीव गौड़, मनोज महतोलिया की प्रशंसा की है।




You May Also Like

+ There are no comments

Add yours