भीमताल में पर्यटन सीजन को लेकर प्रशासन सतर्क, होटल एसोसिएशन की बैठक में ट्रैफिक और पार्किंग व्यवस्था पर मंथन

Estimated read time 1 min read





भीमताल : पर्यटन सीजन को देखते हुए भीमताल क्षेत्र में ट्रैफिक प्रबंधन, पार्किंग व्यवस्था और पर्यटकों की सुविधाओं को बेहतर बनाने के उद्देश्य से बुधवार को होटल माउंटोरिया रिट्रीट, पांडेगांव में भीमताल होटल एसोसिएशन की एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक में वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. मंजूनाथ टी.सी., पुलिस अधीक्षक जगदीश चंद्र, मुख्य विकास अधिकारी अरविंद पांडेय तथा पर्यटन विकास अधिकारी अतुल भंडारी मौजूद रहे।
बैठक में पर्यटन सीजन के दौरान भीमताल क्षेत्र में विशेष ट्रैफिक प्लान लागू करने की आवश्यकता पर जोर दिया गया। एसोसिएशन के सदस्यों ने सुझाव दिया कि आवश्यकता पड़ने पर मुख्य मार्गों पर वन-वे ट्रैफिक व्यवस्था लागू की जाए, जिससे जाम की समस्या को कम किया जा सके।
इस दौरान रानीबाग से भीमताल तक लगने वाले जाम और बढ़ती भीड़भाड़ पर भी चर्चा हुई। बताया गया कि इस कारण पर्यटकों और स्थानीय लोगों को काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ता है। कैंची धाम जाने वाले श्रद्धालुओं की बढ़ती संख्या को देखते हुए वहां बेहतर ट्रैफिक प्रबंधन सुनिश्चित करने की मांग भी उठाई गई।
बैठक में पार्किंग स्थलों पर महिला शौचालय की व्यवस्था करने तथा नियमित रूप से पानी का छिड़काव कराने का सुझाव दिया गया। साथ ही संकरी सड़कों, अधिक मोड़ों और ट्रैफिक दबाव वाले स्थानों पर नियमित अंतराल पर ट्रैफिक पुलिस की तैनाती करने पर भी जोर दिया गया।
सदस्यों ने सड़क की खराब स्थिति और पर्याप्त पार्किंग व्यवस्था के अभाव से उत्पन्न समस्याओं के समाधान के लिए ठोस कदम उठाने की आवश्यकता बताई।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक ने बैठक में उठाए गए सभी बिंदुओं पर शीघ्र कार्यवाही का आश्वासन दिया, जबकि मुख्य विकास अधिकारी ने संबंधित विभागों के साथ समन्वय स्थापित कर आवश्यक कार्रवाई शुरू करने की बात कही।
बैठक में होटल एसोसिएशन के अध्यक्ष विनोद गुनवंत सहित नितेश बिष्ट, महेंद्र वर्मा, दीपक वर्मा, संजय सांगुरी, उदय सिन्हा, ऋषि सिन्हा, रवि जोशी, अवनीश जोशी, सौरभ सिंह, गगनदीप सिंह, कमल अधिकारी, चारु जोशी, गंगा सिंह धामी, निर्मल नैणवाल, हिमांशु आनंद, जी.एस. धोनी, सुशील कुमार, ईशान हंबा और रेगन गुप्ता सहित कई सदस्य उपस्थित रहे।




You May Also Like

+ There are no comments

Add yours