“Our Lakes Our Heritage” थीम पर 15 से 31 जुलाई तक वृहद वृक्षारोपण अभियान
भीमताल : मानसून के इस वर्षा ऋतु में नैनीताल वन प्रभाग द्वारा जिले की प्रमुख झीलों के जलागम क्षेत्रों एवं आसपास के क्षेत्रों में “Our Lakes Our Heritage” थीम के अंतर्गत “एक पेड़ माँ के नाम” अभियान शुरू किया जा रहा है। यह वृक्षारोपण अभियान 15 जुलाई से 31 जुलाई 2025 तक चलेगा।
इस संबंध में जानकारी देते हुए प्रभागीय वनाधिकारी चंद्रशेखर जोशी ने बताया कि नैनीताल जनपद की नैनी झील, भीमताल, सातताल, नौकुचियाताल, हरीशताल, खुरपाताल, सरिताताल, कमलताल एवं गरूड़ताल जैसी झीलें न केवल पर्यावरणीय दृष्टि से, बल्कि पर्यटन और जैव विविधता के संरक्षण के लिए भी अत्यंत महत्वपूर्ण हैं। ये क्षेत्र प्रवासी पक्षियों के वास स्थल भी हैं और वन्यजीवों की दृष्टि से समृद्ध पारिस्थितिकी तंत्र का हिस्सा हैं।
इस अभियान के अंतर्गत प्रत्येक झील के जलागम क्षेत्र अथवा उसके आस-पास 300 पौधे लगाए जाएंगे। रोपित किए जाने वाले पौधों में स्थानीय प्रजातियाँ, वन्यजीवों के लिए आहारयुक्त प्रजातियाँ एवं फलदार पौधों को प्राथमिकता दी जाएगी। जोशी ने बताया कि इस अभियान में छात्र-छात्राएं, जनप्रतिनिधि एवं वरिष्ठ प्रशासनिक अधिकारी भाग लेंगे और यह प्रयास आगे भी नियमित रूप से जारी रहेगा। उन्होंने संबंधित वन क्षेत्राधिकारियों – नगर पालिका क्षेत्र नैनीताल, भवाली, बढ़ोन, मनोरा आदि को निर्देशित किया है कि वे अपने क्षेत्रों में वृक्षारोपण कार्यक्रम का आयोजन सुनिश्चित करें। साथ ही प्रत्येक कार्यक्रम की प्रजातिवार पौधों की संख्या, फोटोग्राफ्स, वीडियो और GPS लोकेशन के साथ विस्तृत रिपोर्ट कार्यालय को उपलब्ध कराना सुनिश्चित करें।

+ There are no comments
Add yours