प्रेमनगर में पुरानी रंजिश के चलते सरेराह व्यक्ति की हत्या

Estimated read time 0 min read

देहरादून। प्रेमनगर के मोहनपुर में पुरानी रंजिश के चलते सरेराह एक व्यक्ति की हत्या की खबर से सनसनी फैल गई। मृतक का नाम डीके बताया जा रहा है।  मृतक की आपराधिक पृष्ठभूमि रही है। अभी कुछ दिन पहले ही वो जेल से छुटकर आया था। पुलिस ने हत्यारोपी को हिरासत में ले लिया है।

आज प्रेमनगर पुलिस को सूचना मिली कि प्रेमनगर स्थित मोहनपुर पॉवर हाउस से आगे स्मिथनगर की ओर सड़क पर एक व्यक्ति अचेत अवस्था मे पड़ा है। सूचना पर थानाध्यक्ष प्रेमनगर मय पुलिस टीम के तत्काल मौके पर पहुंचे। पुलिस ने मुंह के बल सड़क पर पड़े व्यक्ति को 108 एंबुलेंस के माध्यम से नजदीकी अस्पताल भिजवाया, जहां डॉक्टर ने उसे मृत घोषित कर दिया।

मृतक की पहचान अरुण कुमार उर्फ डीके पुत्र तिलकराज निवासी पहाड़गंज, दिल्ली हाल निवासी स्मिथनगर, प्रेमनगर के रूप में हुई। मृतक मूलरूप से दिल्ली का रहने वाला था, जो कई वर्षों से देहरादून में रह रहा था। उम्र 40 से 45 बीच के आसपास है। पुलिस ने फील्ड यूनिट को बुलाकर घटना स्थल की फोटोग्राफी और वीडियोग्राफी के साथ ही जरुरी साक्ष्य संकलित किए।

पुलिस को आसपास के लोगों ने बताया गया कि डीके का किसी बात को लेकर एक अन्य व्यक्ति से झगड़ा हुआ था। आपसी मारपीट में डीके बेहोश होकर सड़क पर गिर गया तथा दूसरे व्यक्ति मौके से फरार हो गया।

पुलिस को जांच में पता चला कि डीके के विरुद्ध वर्ष 2022 में थाना प्रेमनगर में जान से मारने का प्रयास का मुकदमा दर्ज दर्ज था तथा दो माह पूर्व ही वह जमानत पर जेल से बाहर आया।

पुलिस ने एक संदिग्ध व्यक्ति को हिरासत में लेकर उससे पूछताछ की तो उसने बताया कि डीके और उसके बीच पूर्व में हुई मारपीट के कारण आपसी रंजिश चल रही थी। आज दोनों में फिर से झगड़ा हो गया। झगड़े में हिरासत में लिए गए संदिग्ध व्यक्ति के शरीर में ब्लेड से कई जगह पर चोटों के निशान मिले।

पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम हेतु कोरोनेशन अस्पताल भिजवाया दिया। पोस्टमार्टम रिपोर्ट में मृत्यु के कारणों की जानकारी हो पाएगी। घटना में पुलिस द्वारा अग्रिम आवश्यक कार्रवाई की जा रही है।

You May Also Like

+ There are no comments

Add yours