भीमताल । नैनीताल स्थित पंत पार्क में बुधवार को महान स्वतंत्रता सेनानी, कुशल प्रशासक और भारत रत्न से सम्मानित पं. गोविंद बल्लभ पंत की जयंती धूमधाम से मनाई गई। कार्यक्रम में प्रदेश के पशुपालन एवं मत्स्य मंत्री सौरभ बहुगुणा मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। इस अवसर पर आयोजित कार्यक्रम का संचालन भारत रत्न पं. गोविंद बल्लभ पंत जन्म दिवस समारोह समिति, नैनीताल ने किया। कार्यक्रम की शुरुआत पं. गोविंद बल्लभ पंत की प्रतिमा पर माल्यार्पण और श्रद्धांजलि अर्पित करने से हुई। इसके बाद स्कूली बच्चों ने देशभक्ति से ओतप्रोत सांस्कृतिक प्रस्तुतियाँ दीं। मंत्री सौरभ बहुगुणा ने विभिन्न क्षेत्रों में उत्कृष्ट कार्य करने वाले प्रतिभागियों को प्रशस्ति पत्र और शॉल भेंट कर सम्मानित किया। अपने संबोधन में कैबिनेट मंत्री बहुगुणा ने कहा कि उत्तराखंड वीर भूमि, देवभूमि होने के साथ-साथ देश निर्माण की भूमि भी है। उन्होंने पं. पंत के जीवन, स्वतंत्रता संग्राम में उनके योगदान, प्रशासनिक कुशलता और समाज सुधार कार्यों पर प्रकाश डालते हुए कहा कि पं. गोविंद बल्लभ पंत का जीवन संघर्ष और नेतृत्व की अद्वितीय मिसाल है। उनके आदर्श आज भी सभी के लिए प्रेरणा का स्रोत हैं। इस दौरान जिलाधिकारी वंदना सिंह ने पंत पार्क में पं. पंत की प्रतिमा पर श्रद्धासुमन अर्पित किए। कार्यक्रम में जिला पंचायत अध्यक्ष दीपा दर्रमवाल, दर्जा मंत्री दिनेश आर्य, विधायक सरिता आर्या, पालिका अध्यक्ष सरस्वती खेतवाल, संयोजक पूरन मेहरा सहित कई गणमान्य लोग मौजूद रहे।

+ There are no comments
Add yours