पेड़ से घास काट रहे किसान को लगा करंट, गंभीर घायल

Estimated read time 1 min read





पनेरू ने विभागीय लापरवाही पर उठाए सवाल

भीमताल। ओखलकांडा विकासखंड के ग्राम चमोली में गुरुवार को बड़ा हादसा टलते-टलते रह गया। पूर्व दर्जा प्राप्त राज्य मंत्री एवं प्रमुख राज्य आंदोलनकारी हरीश पनेरू ने बताया कि बसौटिया पुल के पास से गुज़र रही 11000 वोल्ट की विद्युत लाइन के संपर्क में आने से ग्रामीण किसान रघुवर दत्त परगांई गंभीर रूप से घायल हो गए।
घटना आज दोपहर लगभग 12:15 बजे की बताई जा रही है, जब परगांई पेड़ से घास काट रहे थे। इसी दौरान विद्युत लाइन की चपेट में आने से उन्हें करंट लगा और वे नीचे गिर पड़े। स्थानीय लोगों की मदद से उन्हें तुरंत गंभीर अवस्था में सुशीला तिवारी अस्पताल, हल्द्वानी में भर्ती कराया गया, जहाँ उनका उपचार जारी है।
पनेरू ने घटना के लिए विभागीय लापरवाही को जिम्मेदार ठहराते हुए कहा कि विद्युत विभाग द्वारा पेड़ों के ऊपर से गुजरने वाली हाईटेंशन लाइन के नीचे पेड़ों की समय पर छंटाई नहीं की गई, जिसके कारण यह हादसा हुआ। उन्होंने कहा कि विभाग की इस अनदेखी ने किसान की जान पर बन आई है।
पनेरू ने मांग की कि विद्युत विभाग घायल किसान का संपूर्ण इलाज सुनिश्चित करे तथा उचित मुआवजा प्रदान करे। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि विभाग कल तक आवश्यक कार्रवाई नहीं करता है, तो वे विभाग के खिलाफ आवाज उठाने को मजबूर होंगे। ग्रामीण क्षेत्र में इस घटना के बाद आक्रोश व्याप्त है और लोग विभाग की कार्यप्रणाली पर सवाल उठा रहे हैं।




You May Also Like

+ There are no comments

Add yours