भीमताल। विधानसभा क्षेत्र भीमताल के दूरस्थ क्षेत्रों में पिछले लगभग दो महीनों से गैस आपूर्ति बाधित रहने के कारण ग्रामीणों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। कांग्रेस नेता मनोज शर्मा ने इस मुद्दे को गंभीर बताते हुए सरकार और संबंधित विभागों पर लापरवाही का आरोप लगाया है।
उन्होंने कहा कि विशेष रूप से धारी ब्लॉक के पदमपुरी से लेकर दुदुली तक बीते दो महीनों से गैस की गाड़ी नहीं पहुंची है, जिससे आम जनजीवन अस्त-व्यस्त हो गया है। होटल और ढाबा संचालकों का कारोबार बुरी तरह प्रभावित हुआ है, वहीं ग्रामीणों की दैनिक दिनचर्या भी पूरी तरह प्रभावित हो चुकी है।
शर्मा ने कहा कि 50 दिनों से अधिक समय बीत जाने के बावजूद गैस की आपूर्ति न होना सरकार की गैर जिम्मेदाराना कार्यशैली को दर्शाता है। उन्होंने यह भी कहा कि एक ओर जहां क्षेत्र में बाघ के आतंक के कारण ग्रामीण पहले से ही कठिन परिस्थितियों में जीवन यापन कर रहे हैं, वहीं गैस संकट ने उनकी समस्याओं को और बढ़ा दिया है।
उन्होंने आरोप लगाया कि गैस बुकिंग के नाम पर जानबूझकर तकनीकी कठिनाइयां उत्पन्न की जा रही हैं, जिससे उपभोक्ता गैस बुक नहीं कर पा रहे हैं। संकट के समय लोगों को राहत देने के बजाय उन्हें तकनीकी उलझनों में फंसाना पूरी तरह अनुचित है।
शर्मा ने कहा कि विभाग का दायित्व है कि वह लंबे रूट के अनुसार समुचित व्यवस्था बनाए, लेकिन इसके बजाय केवल औपचारिकता निभाते हुए एक गाड़ी में सीमित सिलेंडर भेजकर आपूर्ति सुचारु होने का दावा किया जा रहा है, जो कि जनता को गुमराह करने जैसा है।
उन्होंने बताया कि इस संबंध में उन्होंने कुमाऊं मंडल विकास निगम के अधिकारियों से बातचीत की है और मांग की है कि प्रभावित दूरस्थ क्षेत्रों में तत्काल गैस आपूर्ति बहाल की जाए। साथ ही रूट के अनुसार नियमित गाड़ियां भेजी जाएं और बुकिंग प्रक्रिया को सरल बनाया जाए। उन्होंने यह भी सुझाव दिया कि वर्तमान संकट को देखते हुए बिना बुकिंग वाले उपभोक्ताओं को भी गैस सिलेंडर उपलब्ध कराए जाएं।
इस पर अधिकारियों ने उनकी मांगों को व्यवहारिक बताते हुए आश्वासन दिया है कि जल्द ही सभी रूटों पर गैस आपूर्ति सुचारु की जाएगी और बुकिंग प्रक्रिया को भी सरल बनाया जाएगा।

+ There are no comments
Add yours