भीमताल। उत्तराखंड के शहरी विकास एवं जलागम मंत्री राम सिंह कैड़ा ने मंत्रिमंडल में शामिल होने के बाद रविवार को भीमताल विधानसभा क्षेत्र के धारी ब्लॉक के विभिन्न गांवों का दौरा कर ग्रामीणों की समस्याएं सुनीं। इस दौरान उन्होंने अधिकारियों को समस्याओं के त्वरित समाधान के निर्देश दिए।
धारी ब्लॉक के धानाचुली, मानाघेर, तल्ली दिनी, चौरलेख, पहाड़पानी, धानारौली और जलना नीलपहाड़ी सहित कई गांवों में पहुंचने पर भारतीय जनता पार्टी के पदाधिकारियों और स्थानीय लोगों ने मंत्री का गर्मजोशी से स्वागत किया।
मंत्री कैड़ा ने कहा कि प्रदेश के समग्र विकास के लिए वह पूरी प्रतिबद्धता के साथ कार्य करेंगे और विकास कार्यों में तेजी लाने के लिए ठोस कदम उठाए जाएंगे। उन्होंने ग्रामीणों की समस्याएं सुनते हुए अधिकारियों को मौके पर ही आवश्यक निर्देश दिए।
इस दौरान हाल ही में हुई ओलावृष्टि का मुद्दा भी प्रमुखता से उठा। मंत्री ने कहा कि इससे क्षेत्र के किसानों को भारी नुकसान हुआ है। आड़ू, सेब, प्लम, नाशपाती और मटर की फसलें बर्बाद हो गई हैं। उन्होंने प्रशासनिक अधिकारियों को नुकसान का तत्काल आकलन कर बीमा कंपनियों के माध्यम से किसानों को शीघ्र मुआवजा दिलाने के निर्देश दिए।
कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए मंत्री कैड़ा ने अपनी नियुक्ति के लिए राष्ट्रीय नेतृत्व और मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी का आभार जताया। साथ ही भीमताल विधानसभा क्षेत्र की जनता और कार्यकर्ताओं का धन्यवाद किया, जिनके समर्थन से वह पुनः निर्वाचित होकर मंत्रिमंडल में शामिल हुए।
उन्होंने कहा कि पार्टी द्वारा जताए गए विश्वास पर खरा उतरने का पूरा प्रयास करेंगे और केंद्र की नरेन्द्र मोदी सरकार तथा राज्य सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं को अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाया जाएगा। मंत्री ने विश्वास जताया कि आगामी विधानसभा चुनाव में भाजपा राज्य में लगातार तीसरी बार सरकार बनाएगी।
मंत्री कैड़ा ने आश्वस्त किया कि क्षेत्र की हर समस्या के समाधान के लिए निरंतर प्रयास किए जाएंगे।

+ There are no comments
Add yours