नया लालढांग-झिरना में बंदोबस्त कार्य का एडीएम ने किया निरीक्षण, अभिलेख प्रक्रिया में तेजी के निर्देश

Estimated read time 1 min read





भीमताल। अपर जिलाधिकारी (वित्त/राजस्व) शैलेंद्र सिंह नेगी ने तहसील रामनगर के नया लालढांग एवं नया झिरना गांव में संचालित बंदोबस्त कार्य का स्थलीय निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने बंदोबस्त एवं राजस्व विभाग के अधिकारियों को अभिलेख संक्रिया में तेजी लाने के सख्त निर्देश दिए।
बताया गया कि वर्ष 1994 में ग्राम लालढांग व झिरना के निवासियों को राजस्व एवं वन विभाग के बीच भूमि विनिमय के तहत तत्कालीन राजस्व ग्रामों से हटाकर रामनगर-काशीपुर मार्ग से सटे वन क्षेत्र नया लालढांग एवं नया झिरना में विस्थापित किया गया था। वर्तमान में उत्तर प्रदेश भूमि व्यवस्था अधिनियम 1901 की धारा 48 से 60 के अंतर्गत सर्वेक्षण एवं अभिलेख संक्रिया की प्रक्रिया गतिमान है।
एडीएम ने संयुक्त टीम के साथ मौके पर कार्यों की समीक्षा करते हुए कहा कि सर्वेक्षण एवं अभिलेख तैयार करने में आ रही बाधाओं का तत्काल निस्तारण किया जाए, जिससे बंदोबस्त कार्य समयबद्ध रूप से पूर्ण हो सके।
इस दौरान सर्वे नायब तहसीलदार ने अवगत कराया कि तहसील रामनगर के ग्राम लेटी, चोपड़ा, रामपुर व ढिकुली के अलावा तहसील हल्द्वानी के ग्राम जवाहर ज्योति दमुवाधूंगा में भी बंदोबस्त कार्य जारी है।
निरीक्षण के समय तहसीलदार रामनगर मनीषा मारकाना, राजस्व उपनिरीक्षक निर्मला, सर्वे नायब तहसीलदार अनिल कुमार श्रीवास्तव, सर्वे कानूनगो संतोष कुमार श्रीवास्तव, लेखपाल पंकज रावत, विनोद कुमार सहित अन्य कर्मचारी मौजूद रहे।




You May Also Like

+ There are no comments

Add yours