भीमताल। धारी ब्लॉक के कसियालेख से चौखुटा–पोखराड़–धारी मोटर मार्ग के डामरीकरण कार्य का शुभारंभ कैबिनेट मंत्री राम सिंह कैड़ा ने किया। करीब 5 करोड़ 37 लाख रुपये की लागत से होने वाले इस कार्य के शुरू होने पर क्षेत्र के ग्रामीणों में खुशी की लहर है।
बताया गया कि लंबे समय से मोटर मार्ग की हालत खराब होने के कारण ग्रामीणों, किसानों और पर्यटकों को आवागमन में भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा था। इस समस्या को लेकर ग्रामीणों ने मंत्री से डामरीकरण की मांग की थी। इसके बाद मंत्री ने लोक निर्माण विभाग को डीपीआर तैयार कर शासन को भेजने के निर्देश दिए थे और मुख्यमंत्री से बजट स्वीकृति की मांग की थी।
धनराशि स्वीकृत होने के बाद मंत्री ने डामरीकरण एवं सुधारीकरण कार्य का विधिवत शुभारंभ किया। इस मौके पर उन्होंने अधिकारियों को गुणवत्ता के साथ निर्धारित समय में कार्य पूरा करने के निर्देश दिए।
कैबिनेट मंत्री बनने के बाद पहली बार धारी ब्लॉक पहुंचने पर सुंदरखाल, लेटीबुगा, सुनकिया, बूढ़ीबना, लोद और गल्ला सहित कई गांवों में ग्रामीणों ने उनका फूल-मालाओं से भव्य स्वागत किया।
मंत्री कैड़ा ने कहा कि भीमताल विधानसभा क्षेत्र के ओखलकांडा, धारी, रामगढ़ और भीमताल ब्लॉक में क्षतिग्रस्त सड़कों के डामरीकरण का कार्य लगातार किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि सड़क, स्वास्थ्य, शिक्षा, पेयजल और बिजली जैसी मूलभूत समस्याओं के समाधान के लिए सरकार लगातार प्रयासरत है।
इस दौरान मंत्री ने क्षेत्र की जनता का आभार व्यक्त करते हुए विकास कार्यों को तेजी से आगे बढ़ाने का भरोसा दिलाया।

+ There are no comments
Add yours