रामगढ़ में मंत्री राम सिंह कैड़ा का भव्य स्वागत, विकास कार्यों को गति देने का भरोसा

Estimated read time 1 min read





भीमताल। शहरी विकास एवं जलागम मंत्री राम सिंह कैड़ा का मंत्रिमंडल में शामिल होने के बाद पहली बार रामगढ़ ब्लॉक पहुंचने पर जोरदार स्वागत किया गया। कार्यकर्ताओं और स्थानीय लोगों ने बाइक रैली निकालकर उनका भव्य अभिनंदन किया। जगह-जगह ढोल-नगाड़ों के साथ स्वागत कार्यक्रम आयोजित हुए।
रामगढ़ ब्लॉक के श्यामखेत, गागर, मल्ला रामगढ़, तल्ला रामगढ़, लोस्ज्ञानी, नथुवाखान, ओड़ाखान और दाड़ीमा में भाजपा पदाधिकारियों व स्थानीय जनता ने मंत्री का स्वागत किया। इस दौरान पूरे क्षेत्र में उत्साह का माहौल देखने को मिला।
कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए मंत्री राम सिंह कैड़ा ने कहा कि राज्य और क्षेत्र के विकास के लिए वह पूरी प्रतिबद्धता के साथ कार्य करेंगे। विकास कार्यों को तेज करने के लिए ठोस कदम उठाए जाएंगे। उन्होंने अपनी नियुक्ति के लिए राष्ट्रीय नेतृत्व और मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी का आभार जताया।
उन्होंने कहा कि पीडब्ल्यूडी भवाली खंड को वर्तमान में सुगम श्रेणी में रखा गया है, जिसके चलते कर्मचारियों की तैनाती में दिक्कत आ रही है। इसे दुर्गम श्रेणी में शामिल करने के लिए जल्द ही जीओ जारी कराया जाएगा।

मंत्री ने भीमताल विधानसभा के मतदाताओं और कार्यकर्ताओं का आभव्यक्त करते हुए कहा कि उनके सहयोग से ही उन्हें दोबारा विधानसभा में प्रतिनिधित्व और अब प्रदेश मंत्रिमंडल में कार्य करने का अवसर मिला है। उन्होंने भरोसा दिलाया कि पार्टी द्वारा जताए गए विश्वास पर खरा उतरने का पूरा प्रयास करेंगे और केंद्र व राज्य सरकार की योजनाओं को अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने का काम करेंगे।

उन्होंने विश्वास जताया कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के मार्गदर्शन और मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व में भाजपा आगामी विधानसभा चुनाव में उत्तराखंड में लगातार तीसरी बार सरकार बनाएगी। साथ ही क्षेत्र की हर समस्या के समाधान के लिए निरंतर प्रयास करने की बात कही।

इस मौके पर मंडल अध्यक्ष अंकित, जिला मंत्री कुंदन चिलवाल, जिला पंचायत सदस्य ज्योति आर्या, विनोद पाण्डेय, नंदन कोरंगा, हरीश शर्मा, देवेंद्र सिंह बिष्ट, दीवान महरा, कमलेश बिष्ट सहित कई जनप्रतिनिधि और क्षेत्रवासी मौजूद रहे।




You May Also Like

+ There are no comments

Add yours