भीमताल। क्षेत्र में बदहाल सड़कों, उड़ती धूल और लगातार लगने वाले जाम से स्थानीय लोग खासे परेशान हैं। ग्रामीणों और स्थानीय निवासियों का कहना है कि निर्माण कार्यों के चलते जहां एक ओर विकास हो रहा है, वहीं दूसरी ओर आम जनजीवन पर इसका प्रतिकूल असर भी साफ दिखाई दे रहा है।
लोगों का कहना है कि टूटी सड़कों और अव्यवस्थित कार्यों के कारण आए दिन जाम की स्थिति बन रही है, जिससे स्कूली बच्चों, बुजुर्गों और मरीजों को भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। खासकर आपातकालीन सेवाएं भी इससे अछूती नहीं हैं। कई बार एम्बुलेंस तक जाम में फंस जाती है, जिससे मरीजों की जान पर बन आती है।
ग्रामीणों ने बताया कि धूल और प्रदूषण के कारण स्वास्थ्य संबंधी समस्याएं भी बढ़ रही हैं। छोटे बच्चों और बुजुर्गों को सांस लेने में दिक्कत का सामना करना पड़ रहा है। ऐसे में लोगों ने निर्माण कार्यों में नियमों का पालन और जिम्मेदारी सुनिश्चित करने की मांग उठाई है।
स्थानीय निवासी प्रेम सिंह कुल्याल ने कहा कि क्षेत्र की जनता विकास के खिलाफ नहीं है, लेकिन विकास कार्य नियमों और जिम्मेदारी के साथ होने चाहिए। उन्होंने कहा कि साफ हवा, सुरक्षित सड़कें और सुचारू यातायात हर नागरिक का अधिकार है।
ग्रामीणों ने एकजुट होकर शांतिपूर्ण तरीके से अपनी आवाज उठाने का आह्वान किया है। उनका कहना है कि यदि समय रहते व्यवस्थाओं में सुधार नहीं हुआ, तो जनआंदोलन तेज किया जाएगा।

+ There are no comments
Add yours