नैनीताल में मतदाता सूची पुनरीक्षण की तैयारियाँ तेज, दलों को बीएलए की शत-प्रतिशत नियुक्ति के निर्देश

Estimated read time 1 min read





भीमताल, 27 मार्च। जनपद नैनीताल में विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) कार्यक्रम को लेकर प्रशासन ने तैयारियाँ तेज कर दी हैं। इस क्रम में जिलाधिकारी एवं जिला निर्वाचन अधिकारी ललित मोहन रयाल की अध्यक्षता में मान्यता प्राप्त राजनीतिक दलों तथा उनके बूथ लेवल एजेंट (बीएलए-1) के साथ महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई।
बैठक में बताया गया कि भारत निर्वाचन आयोग द्वारा अप्रैल के प्रथम सप्ताह में पुनरीक्षण कार्यक्रम की औपचारिक घोषणा संभावित है। इसे देखते हुए जनपद स्तर पर पूर्व तैयारियों को मजबूत किया जा रहा है। जिलाधिकारी ने स्पष्ट निर्देश दिए कि सभी राजनीतिक दल प्रत्येक मतदान केंद्र पर अपने बीएलए की शीघ्र एवं शत-प्रतिशत नियुक्ति सुनिश्चित करें।
उन्होंने कहा कि बीएलए, बूथ लेवल अधिकारियों (बीएलओ) के साथ समन्वय बनाकर कार्य करें, जिससे पुनरीक्षण प्रक्रिया त्रुटिरहित और प्रभावी ढंग से पूरी हो सके।
जिलाधिकारी ने बताया कि जनपद की छह विधानसभा क्षेत्रों के 1010 मतदेय स्थलों में से भारतीय जनता पार्टी द्वारा 959 (94.95 प्रतिशत) तथा इंडियन नेशनल कांग्रेस द्वारा 793 (71.51 प्रतिशत) बीएलए की नियुक्ति की जा चुकी है। अन्य दलों को भी शीघ्र नियुक्ति करने के निर्देश दिए गए हैं।
पुनरीक्षण के तहत बूथ लेवल अधिकारी वर्ष 2003 की निर्वाचक नामावली का वर्तमान सूची से बीएलओ ऐप के माध्यम से मिलान कर रहे हैं। कुल 7,87,991 मतदाताओं में से 6,94,532 का सत्यापन किया जा चुका है, जो 88.14 प्रतिशत प्रगति दर्शाता है।
इसके अतिरिक्त मतदाता पंजीकरण के लिए घर-घर अभियान चलाया जा रहा है, जिसके तहत बीएलओ लोगों से संपर्क कर जागरूकता बढ़ा रहे हैं।
बैठक में निर्वाचन आयोग की डिजिटल पहल “Book a Call with BLO” की जानकारी भी दी गई, जिससे मतदाता सीधे बीएलओ से संपर्क कर नाम जोड़ने, संशोधन कराने सहित अन्य सेवाओं का लाभ उठा सकते हैं।
इस अवसर पर सहायक जिला निर्वाचन अधिकारी एच.डी. पांडे, तहसीलदार अक्षय भट्ट सहित विभिन्न राजनीतिक दलों के पदाधिकारी एवं प्रतिनिधि मौजूद रहे।




You May Also Like

+ There are no comments

Add yours