भीमताल। धारी, ओखलकांडा, भीमताल व रामगढ़ क्षेत्रों में विद्युत लाइनों की खराब गुणवत्ता को लेकर कांग्रेस नेता मनोज शर्मा ने जिलाधिकारी को ज्ञापन भेजकर जांच की मांग उठाई है। उन्होंने आरोप लगाया कि क्षेत्र में विद्युत लाइनों की स्थिति बेहद खराब है और हल्की हवा या बारिश में भी लाइनें क्षतिग्रस्त हो रही हैं।
शर्मा ने कहा कि मेंटेनेंस के नाम पर लगातार धनराशि जारी हो रही है, लेकिन जमीनी स्तर पर काम नजर नहीं आ रहा। कई स्थानों पर बिजली लाइनों को सहारा देने के लिए हरे पेड़ों से बांधा गया है, जो मानकों के विपरीत है। उन्होंने आरोप लगाया कि विभागीय अधिकारी फील्ड में नहीं उतर रहे हैं और पूरा काम ठेकेदारों के भरोसे चल रहा है।
उन्होंने कहा कि ठेकेदार के मजदूर ही मनमाने ढंग से कार्य कर रहे हैं, जिसमें न तो कोई गुणवत्ता है और न ही कोई निर्धारित मानक। यदि विद्युत लाइनों के निर्माण से लेकर रखरखाव तक सब कुछ ठेकेदारों के माध्यम से ही होना है, तो विभाग की भूमिका पर सवाल खड़े होते हैं।
शर्मा ने यह भी आरोप लगाया कि क्षेत्र में यदि एक तार भी टूट जाए तो उसे ठीक करने में कई दिन लग जाते हैं, जिससे आम जनता को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ता है।
उन्होंने जिलाधिकारी से मांग की कि भीमताल विधानसभा क्षेत्र में विद्युत लाइनों के निर्माण और रखरखाव में हो रहे कथित भ्रष्टाचार की न्यायिक जांच कराई जाए और दोषी ठेकेदारों व जिम्मेदार अधिकारियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाए। इसके अलावा, हाल ही में हुई भारी बारिश, आंधी और तूफान से प्रभावित किसानों को बाजार मूल्य के आधार पर तत्काल मुआवजा देने की भी मांग की गई है।

+ There are no comments
Add yours