धामी बने ‘धुरंधर’, उत्तराखंड विकास की राह पर अग्रसर: राजनाथ सिंह

चार साल बेमिसाल कार्यक्रम में गिनाईं उपलब्धियां, फैसलों को बताया मील का पत्थर

भीमताल, 21 मार्च। उत्तराखंड सरकार के “चार साल बेमिसाल” कार्यक्रम के तहत हल्द्वानी स्थित एमबी इंटर कॉलेज में आयोजित भव्य जनसभा में केंद्रीय रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने प्रतिभाग किया। इस अवसर पर मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने रक्षा मंत्री का नंदा देवी मंदिर की प्रतिकृति एवं स्थानीय हस्तनिर्मित शॉल भेंट कर स्वागत किया।
रक्षा मंत्री ने अपने संबोधन में उत्तराखंड के शहीदों को नमन करते हुए कहा कि देवभूमि आस्था, अध्यात्म और तपस्वियों की भूमि रही है। यहां के लोग परिश्रमी और राष्ट्रभक्ति से ओतप्रोत हैं। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री धामी के नेतृत्व में राज्य निरंतर विकास के पथ पर आगे बढ़ रहा है और देश के अग्रणी राज्यों में अपनी पहचान बना रहा है।
उन्होंने कहा कि धामी सरकार जीरो टॉलरेंस की नीति के साथ तेजी से कार्य कर रही है। मुख्यमंत्री की सराहना करते हुए उन्होंने कहा कि “धामी न केवल धाकड़ हैं, बल्कि अब धुरंधर बन चुके हैं”, जो प्रदेश के विकास के लिए प्रभावी निर्णय ले रहे हैं।
रक्षा मंत्री ने कहा कि उत्तराखंड ने स्थापना के 25 वर्षों में संघर्ष और विकास की नई कहानी लिखी है। राज्य में सड़क, रेल, हवाई कनेक्टिविटी, बिजली उत्पादन, पर्यटन, रोजगार और कौशल विकास के क्षेत्र में तेजी से काम हो रहा है।
उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मार्गदर्शन में उत्तराखंड देश के विकास में महत्वपूर्ण योगदान दे रहा है। छोटे राज्य होने के बावजूद यहां उल्लेखनीय प्रगति हुई है। जीडीपी और प्रति व्यक्ति आय में वृद्धि राज्य के विकास की गति को दर्शाती है।
रक्षा मंत्री ने धामी सरकार के निर्णयों—समान नागरिक संहिता, नकल विरोधी कानून, अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई और सीमांत क्षेत्रों के विकास—को मील का पत्थर बताया। उन्होंने कहा कि यूसीसी लागू कर उत्तराखंड ने सामाजिक न्याय की दिशा में ऐतिहासिक पहल की है। उन्होंने अवैध अतिक्रमण और घुसपैठ पर सख्ती को जरूरी बताते हुए कहा कि देवभूमि की पवित्रता और सुरक्षा बनाए रखना आवश्यक है। सीमांत क्षेत्रों के विकास और पलायन रोकने के लिए केंद्र और राज्य सरकार मिलकर काम कर रही हैं। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने अपने संबोधन में कहा कि बीते चार वर्षों में राज्य में निवेश, पर्यटन, बुनियादी ढांचे और रोजगार के क्षेत्र में उल्लेखनीय प्रगति हुई है। पारदर्शी भर्ती प्रक्रिया और नकल विरोधी कानून से युवाओं के भविष्य को सुरक्षित किया गया है।
उन्होंने कहा कि समान नागरिक संहिता लागू कर सामाजिक समरसता को मजबूत किया गया है। पर्यटन को बढ़ावा देने के लिए होमस्टे, होटल और धार्मिक स्थलों के विकास पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है।
कार्यक्रम के दौरान विभिन्न विभागों की प्रदर्शनी भी लगाई गई, जिसमें जमरानी बांध परियोजना, राष्ट्रीय राजमार्ग, ग्रामीण विकास और वन्यजीव संरक्षण से जुड़ी योजनाओं की जानकारी दी गई।
इस अवसर पर कैबिनेट मंत्री रेखा आर्य, राम सिंह कैड़ा, प्रदीप बत्रा, मदन कौशिक, गणेश जोशी, खजान दास, केंद्रीय मंत्री अजय टम्टा, सांसद अजय भट्ट, राज्यसभा सांसद एवं भाजपा प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र भट्ट, विधायक बंशीधर भगत, दीवान सिंह बिष्ट, सरिता आर्या, डॉ. मोहन सिंह बिष्ट, शिव अरोड़ा, सुरेश गड़िया सहित जनप्रतिनिधि, अधिकारी और बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिक उपस्थित रहे।

You May Also Like

+ There are no comments

Add yours