देवनगर में एक हफ्ते से अंधेरा, भागवत कथा के बीच ग्रामीणों का धरना

Estimated read time 0 min read





भीमताल : धारी ब्लॉक के देवनगर ग्राम सभा के बड़े हिस्से में पिछले एक सप्ताह से विद्युत आपूर्ति पूरी तरह ठप है। लगातार शिकायतों के बावजूद बिजली बहाल न होने से ग्रामीणों में भारी रोष व्याप्त है।
कांग्रेस नेता मनोज शर्मा ने बताया कि ग्राम सभा की बड़ी आबादी बीते सात दिनों से अंधेरे में जीवन यापन कर रही है। उन्होंने आरोप लगाया कि कई बार अधिशासी अभियंता से संपर्क करने के बावजूद भी समस्या का समाधान नहीं किया गया।
इस बीच देवनगर में ज्येष्ठ प्रमुख धारी नंदाबल्लभ बृजवासी के आवास पर श्रीमद्भागवत कथा का आयोजन चल रहा है, जिसमें सैकड़ों श्रद्धालु शामिल हो रहे हैं। लेकिन बिजली आपूर्ति बाधित होने के कारण श्रद्धालुओं को अंधेरे में ही कथा का श्रवण करना पड़ रहा है।
स्थिति से आक्रोशित मातृ शक्ति और ग्रामीणों ने रविवार को कथा स्थल पर ही कांग्रेस नेता मनोज शर्मा के नेतृत्व में धरना प्रदर्शन शुरू कर दिया। इस दौरान ग्रामीणों ने विद्युत विभाग के खिलाफ जोरदार नारेबाजी की।
धरने को संबोधित करते हुए मनोज शर्मा ने आरोप लगाया कि अधिशासी अभियंता केवल आश्वासन देने तक सीमित हैं, जबकि विभागीय ठेकेदार भी समस्या समाधान को लेकर गंभीर नहीं है। उन्होंने कहा कि एक टूटे तार को एक सप्ताह में भी ठीक नहीं किया जाना विभाग की लापरवाही को दर्शाता है।
उन्होंने क्षेत्रीय सांसद और विधायक पर भी उपेक्षा का आरोप लगाते हुए कहा कि जनप्रतिनिधियों की अनदेखी के कारण अधिकारी मनमानी पर उतारू हैं। चेतावनी दी कि यदि शीघ्र विद्युत आपूर्ति बहाल नहीं की गई तो अधिशासी अभियंता कार्यालय में उग्र आंदोलन किया जाएगा।
धरना प्रदर्शन में बड़ी संख्या में ग्रामीण और मातृ शक्ति मौजूद रहे।




You May Also Like

+ There are no comments

Add yours