भीमताल: विधायक राम सिंह कैड़ा ने बुधवार को धारी ब्लॉक के विभिन्न गांवों का दौरा कर ग्रामीणों की समस्याएं सुनीं। इस दौरान उन्होंने लेटीबुगा, परबड़ा, शशबनी, कसनोला, कालापाताल, कसियालेख और भटेलिया सहित कई गांवों में जाकर लोगों से सीधा संवाद किया।
ग्रामीणों ने विधायक के सामने बिजली, पानी और सड़क से जुड़ी समस्याएं रखीं। इस पर विधायक कैड़ा ने संबंधित विभागों के अधिकारियों को फोन कर समस्याओं के शीघ्र समाधान के निर्देश दिए।
विधायक ने जिला प्रशासन के अधिकारियों को निर्देशित करते हुए कहा कि हाल ही में आए आंधी-तूफान से कई ग्रामीणों के घरों की टिन की छतें उड़ गई हैं और कुछ मकान क्षतिग्रस्त हुए हैं। उन्होंने प्रभावित परिवारों के नुकसान का आकलन कर जल्द मुआवजा देने को कहा।
इसके अलावा लोक निर्माण विभाग (PWD) को मोटर मार्गों के डामरीकरण और नए निर्माण कार्यों के लिए शीघ्र डीपीआर तैयार कर शासन को भेजने के निर्देश दिए गए। विद्युत विभाग को क्षेत्र में बिजली व्यवस्था सुचारु करने तथा कृषि विभाग को ओलावृष्टि व तूफान से प्रभावित किसानों के नुकसान का आकलन कर मुआवजा दिलाने को कहा गया।
विधायक कैड़ा ने कहा कि सरकार की योजनाओं को गांव के अंतिम छोर तक पहुंचाने के लिए लगातार कार्य किया जा रहा है। उन्होंने बताया कि जिन गांवों में अभी तक सड़क सुविधा नहीं है, उन्हें प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना (PMGSY) फेज-4 के तहत जोड़ने के लिए प्रस्ताव भेजा जा चुका है और जल्द ही वहां भी सड़क निर्माण कार्य शुरू किया जाएगा।

+ There are no comments
Add yours