भीमताल : 21 मार्च को जनपद नैनीताल के प्रस्तावित भ्रमण पर आ रहे रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह के कार्यक्रम को लेकर बुधवार को सर्किट हाउस हल्द्वानी में पूर्व तैयारी बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता आयुक्त/सचिव मुख्यमंत्री दीपक रावत ने की। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि कार्यक्रम की सभी तैयारियां समय रहते पूर्ण कर ली जाएं और आयोजन को भव्य एवं सुव्यवस्थित रूप से संपन्न कराया जाए।
आयुक्त ने बताया कि राज्य सरकार के चार वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में 21 मार्च (शनिवार) को कुमाऊं के प्रवेश द्वार हल्द्वानी स्थित एमबी इंटर कॉलेज मैदान में एक महत्वपूर्ण कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा। उन्होंने कहा कि आयोजन में बड़ी संख्या में लोगों की भागीदारी होगी, इसलिए सभी व्यवस्थाएं चाक-चौबंद रखी जाएं।
बैठक में आयुक्त ने मंच, यातायात व्यवस्था, सुरक्षा, साफ-सफाई, पेयजल, विद्युत आपूर्ति, वीआईपी एवं मीडिया के बैठने की व्यवस्था, पार्किंग, आमजन के लिए बैठने की व्यवस्था, शौचालय और आपातकालीन सेवाओं सहित सभी व्यवस्थाओं की विस्तार से समीक्षा की। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि कार्यक्रम स्थल तक आमजन की सुगम पहुंच सुनिश्चित की जाए और प्रत्येक व्यक्ति के बैठने की समुचित व्यवस्था की जाए, ताकि किसी को असुविधा न हो।
आयुक्त ने जिलाधिकारी ललित मोहन रयाल और वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक टीसी मंजूनाथ को कार्यक्रम के लिए सेक्टरवार जिम्मेदारी तय करने के निर्देश दिए। साथ ही सुरक्षा व्यवस्था के प्रभावी प्रबंधन, पेयजल की पर्याप्त व्यवस्था, डिस्पेंसर और पेयजल टैंकर उपलब्ध कराने तथा आवश्यकतानुसार मोबाइल शौचालय लगाने के निर्देश भी दिए। परिवहन विभाग को आगंतुकों के परिवहन की समुचित व्यवस्था सुनिश्चित करने को कहा गया।
उन्होंने नगर निगम हल्द्वानी को नियमित सफाई अभियान चलाने के निर्देश देते हुए कहा कि वीआईपी मार्ग से कार्यक्रम स्थल तक सड़कों पर कहीं भी गड्ढे नहीं होने चाहिए। इसके लिए लोक निर्माण विभाग को अभी से मार्गों की मरम्मत कराने के निर्देश दिए गए। मुख्य विकास अधिकारी को कार्यक्रम स्थल पर विभिन्न विभागों की प्रदर्शनी लगाने की तैयारियां तत्काल शुरू करने के लिए कहा गया।
बैठक के बाद आयुक्त दीपक रावत ने एमबी इंटर कॉलेज मैदान पहुंचकर कार्यक्रम स्थल पर चल रही तैयारियों का निरीक्षण किया और लोक निर्माण विभाग के अधिकारियों को मंच और पंडाल निर्माण सहित सभी व्यवस्थाएं समय पर पूर्ण करने के निर्देश दिए।
बैठक में दर्जा राज्य मंत्री डॉ. अनिल कपूर डब्बू, भाजपा प्रदेश महामंत्री तरुण बंसल, भाजपा जिलाध्यक्ष प्रताप सिंह बिष्ट, जिलाधिकारी नैनीताल ललित मोहन रयाल, जिलाधिकारी ऊधमसिंह नगर नितिन भदौरिया, मुख्य विकास अधिकारी अरविंद कुमार पांडे, सीडीओ ऊधमसिंह नगर दिवेश शाशनी, अपर जिलाधिकारी शैलेन्द्र नेगी, विवेक राय, पंकज उपाध्याय, सिटी मजिस्ट्रेट एपी बाजपेयी, नगर आयुक्त पारितोष वर्मा, एआरटीओ गुरुदेव सिंह, उपजिलाधिकारी प्रमोद कुमार, रेखा कोहली, बीसी पंत, डीडीओ गोपाल गिरी गोस्वामी सहित लोक निर्माण विभाग, जल संस्थान, विद्युत और अन्य विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।

+ There are no comments
Add yours