भीमताल, 17 मार्च। काठगोदाम से दानीजाला होते हुए सिमलखेत के रास्ते एचएमटी अमृतपुर तक प्रस्तावित बाईपास मोटर मार्ग के निर्माण के लिए 1 करोड़ 75 लाख रुपये की स्वीकृति मिल गई है। भीमताल विधायक राम सिंह कैड़ा की मांग पर मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने इस मोटर मार्ग के निर्माण को मंजूरी देते हुए शासनादेश जारी कर दिया है।
विधायक राम सिंह कैड़ा ने बताया कि काठगोदाम से रानीबाग के बीच गुलाब घाटी के पास अक्सर भारी जाम की स्थिति बनी रहती है। इसके कारण भीमताल विधानसभा क्षेत्र के साथ ही पूरे कुमाऊं से आने-जाने वाले लोगों और पर्यटकों को काफी परेशानियों का सामना करना पड़ता है। जाम की समस्या से निजात दिलाने के लिए उन्होंने मुख्यमंत्री से काठगोदाम से दानीजाला-सिमलखेत होते हुए एचएमटी अमृतपुर तक बाईपास मोटर मार्ग बनाने की मांग की थी।
उन्होंने बताया कि करीब साढ़े तीन किलोमीटर लंबे इस बाईपास मार्ग का निर्माण तीन चरणों में किया जाएगा। पहले चरण में पहाड़ कटान का कार्य किया जाएगा। दूसरे चरण में सुरक्षा दीवारों और पुल का निर्माण होगा, जबकि अंतिम चरण में सड़क का निर्माण कार्य पूरा किया जाएगा।
विधायक कैड़ा ने कहा कि मार्ग निर्माण की स्वीकृति मिलने के बाद जल्द ही कार्य प्रारंभ कराया जाएगा। इस बाईपास के बनने से भीमताल विधानसभा क्षेत्र सहित पूरे कुमाऊं के लोगों को जाम की समस्या से बड़ी राहत मिलेगी।
मोटर मार्ग की स्वीकृति मिलने पर विधायक राम सिंह कैड़ा ने मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी और सांसद अजय भट्ट का आभार व्यक्त किया है।

+ There are no comments
Add yours