भीमताल । मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने सोमवार को मुख्यमंत्री कैम्प कार्यालय स्थित मुख्य सेवक सदन में शहरी विकास विभाग के अंतर्गत चयनित 63 सफाई निरीक्षकों को नियुक्ति पत्र प्रदान किए। इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने लगभग 62 करोड़ रुपये की लागत से बनने वाले शहरी विकास निदेशालय के नवीन भवन का वर्चुअल शिलान्यास भी किया तथा कूड़ा निस्तारण वाहनों को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया।
मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार युवाओं को रोजगार उपलब्ध कराने के लिए निरंतर प्रयासरत है और पिछले चार वर्षों में लगभग 30 हजार युवाओं को सरकारी नौकरी प्रदान की जा चुकी है।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री ने नवनियुक्त सफाई निरीक्षकों को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि यह उनके जीवन में नई जिम्मेदारी की शुरुआत है। उन्होंने बताया कि राज्य गठन के समय प्रदेश में 63 स्थानीय नगर निकाय थे, जबकि आज 11 नगर निगम, 46 नगर पालिका परिषद और 51 नगर पंचायत सहित कुल 108 स्थानीय नगर निकाय कार्य कर रहे हैं। यह इस बात का प्रमाण है कि प्रदेश के शहर विकास और आर्थिक गतिविधियों के महत्वपूर्ण केंद्र बन चुके हैं।
मुख्यमंत्री ने कहा कि शहरों को स्वच्छ, सुव्यवस्थित और आधुनिक बनाने में नगर निकायों की भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण है। कूड़ा प्रबंधन से लेकर नागरिकों को मिलने वाली मूलभूत सुविधाओं के संचालन तक की जिम्मेदारी इन्हीं संस्थाओं पर होती है। उन्होंने कहा कि सफाई निरीक्षक नगर निकाय व्यवस्था की नींव के पत्थर हैं।
उन्होंने बताया कि पिछले लगभग पांच वर्षों में नगर निकायों में 63 अधिशासी अधिकारी, 22 कर एवं राजस्व निरीक्षक तथा 32 अवर अभियंताओं को भी नियुक्ति पत्र प्रदान किए जा चुके हैं। 63 सफाई निरीक्षकों की नियुक्ति से नगर निकायों की कार्यक्षमता और अधिक मजबूत होगी।
मुख्यमंत्री ने कहा कि उत्तराखंड आस्था और पर्यटन का प्रमुख केंद्र है, जहाँ चारधाम और गंगा-यमुना के तीर्थ हर वर्ष लाखों श्रद्धालुओं को आकर्षित करते हैं। वर्ष 2027 में कुंभ मेले का आयोजन होना है और अगले महीने से चारधाम यात्रा भी प्रारंभ होने वाली है। ऐसे अवसरों पर शहरों और तीर्थस्थलों की स्वच्छता और व्यवस्थाओं को बनाए रखना बेहद जरूरी होता है।
उन्होंने बताया कि स्वच्छ भारत मिशन, स्मार्ट सिटी मिशन, प्रधानमंत्री स्वनिधि योजना, प्रधानमंत्री आवास योजना और अमृत मिशन जैसी योजनाओं के माध्यम से शहरी क्षेत्रों में बेहतर सुविधाएं विकसित की जा रही हैं।
मुख्यमंत्री ने कहा कि शहरों में स्वास्थ्य सेवाओं को सुलभ बनाने के लिए अर्बन हेल्थ एंड वेलनेस सेंटर स्थापित किए गए हैं। कचरा प्रबंधन के लिए आधुनिक मैकेनाइज्ड ट्रांसफर स्टेशन बनाए गए हैं तथा कूड़ा वाहनों की निगरानी के लिए इंटीग्रेटेड कमांड एंड कंट्रोल सेंटर स्थापित किया गया है। पर्यावरण संरक्षण के लिए शहरों में 30 इलेक्ट्रिक बसों का संचालन और 11 ईवी चार्जिंग स्टेशन भी स्थापित किए गए हैं।
इस अवसर पर विधायक खजान दास, बंशीधर भगत, उमेश शर्मा काऊ, सविता कपूर, सचिव शहरी विकास नितेश झा, निदेशक शहरी विकास विनोद गिरी गोस्वामी तथा नगर आयुक्त देहरादून नमामि बंसल सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।

+ There are no comments
Add yours